'विपक्ष इस मुद्दे को दबने नहीं देगा', राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेता बिरला से मिले, लाठी चार्ज पर चर्चा की मांग

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि छात्रों को अपने भविष्य से जुड़े जायज सवाल पूछने पर पीटा गया। उन्होंने सवाल किया, ‘‘अगर संसद भारत के युवाओं के भविष्य पर चर्चा नहीं कर सकती, तो फिर इसका क्या मतलब है?’’

राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेता बिरला से मिले, लाठी चार्ज पर चर्चा की मांग
i

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्षी दलों के कई अन्य नेताओं ने मंगलवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर छात्रों के खिलाफ सोमवार को पुलिस द्वारा किए गए बल प्रयोग का मुद्दा उठाया और सदन में इस विषय तथा परीक्षाओं में कथित धांधली के मुद्दे पर चर्चा की मांग की।

लोकसभा अध्यक्ष से मिले राहुल गांधी समेत कई नेता

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी नेताओं ने संसद भवन में बिरला से उनके कक्ष में मुलाकात की।

राहुल गांधी के साथ समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद धर्मेंद्र यादव, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता अरविंद सावंत और कुछ अन्य विपक्षी दलों के नेता भी थे।


राहुल गांधी का सवाल 

बैठक के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने विपक्षी सांसदों के साथ लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात की।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी मांग सरल है कि छात्रों के खिलाफ कल की गई बर्बर कार्रवाई और परीक्षा से जुड़े संकट को लेकर सरकार की जवाबदेही के पूर्ण अभाव पर संसद में विस्तृत चर्चा होनी चाहिए।’’

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि छात्रों को अपने भविष्य से जुड़े जायज सवाल पूछने पर पीटा गया। उन्होंने सवाल किया, ‘‘अगर संसद भारत के युवाओं के भविष्य पर चर्चा नहीं कर सकती, तो फिर इसका क्या मतलब है?’’

छात्रों की आवाज सुनी जाए

कांग्रेस नेता ने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को दबने नहीं देगा और यह सुनिश्चित करेगा कि छात्रों की आवाज सड़कों और संसद, दोनों जगह सुनी जाए।


नीट परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने के विरोध में और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के संसद मार्च के दौरान सोमवार को पुलिस ने हजारों की संख्या में जुटे युवाओं को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े थे और लाठीचार्ज किया।

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए