NEET पेपर लीक पर राज्यसभा में बरसे खड़गे, बोले- जंतर-मंतर पर जुटे छात्रों पर हुआ लाठीचार्ज, दमन पर उतरी सरकार

मल्लिकार्जुन खड़गे ने NEET पेपर लीक का मुद्दा राज्यसभा में उठाया। खड़गे ने सरकार पर छात्रों का भविष्य दांव पर लगाने और जंतर-मंतर पर कार्रवाई का आरोप लगाया।

फोटो: IANS
i

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्किकार्जन खड़गे ने राज्यसभा में नीट पेपर लीक का मुद्दा उठाया है। इस मुद्दे को सदन में उठाते हुए खड़गने ने सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि पेपर घोटाला हुआ है, यह लाखों छात्रों का मामला है। लाखों बच्चों का जो भविष्य है, उनके भविष्य के बारे में मैं बात कर रहा हूं।

खड़गे ने कहा कि इस मुद्दे पर आज जंतर-मंतर पर हजारों बच्चे जमा हुए हैं, वहां लाठीचार्ज हो गया है। खड़गे ने कहा कि सरकार बच्चों को मारने और दबाने की कोशिश कर रही है, उन्हें कुचलने की कोशिश कर रही है। खड़गे के इस बयान के बाद सत्ता पक्ष के सांसद हंगामा करने लगे, इस बीच सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।

जिस समय खड़गे राज्यसभा में बोल रहे थे, उस समय किसी विपक्षी सांसद ने यह भी कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे में घोटला हुआ है, इस पर खड़गे ने कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे में तो घोटाला हुआ ही है, जिसके समर्थक उधर बैठे हुए हैं। खड़गे ने सत्ता पक्ष के सांसदों की ओर इशारा किया, खड़गे के ऐसा कहते ही सत्ता पक्ष के सांसद हंगामा करने लगे।

इसे भी पढ़ें: CJP का संसद मार्च: 5 मेट्रो स्टेशन बंद, दिल्ली में सुरक्षा कड़ी, जंतर-मंतर पर जुटे हजारों प्रदर्शनकारी

CJP का संसद मार्च, पुलिस ने नहीं दी इजाजत

कॉकरोच जनता पार्टी ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर संसद के मानसून सत्र के पहले दिन संसद तक मार्च का आह्वान किया है। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि इस मार्च के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई है। दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि बिना अनुमति किसी भी मार्च को संसद की ओर आगे बढ़ने नहीं दिया जाएगा। इसी वजह से जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।


जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी डटे, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई

संसद की ओर प्रस्तावित कूच से पहले जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में छात्र, युवा और समर्थक जुटे हुए हैं। प्रदर्शनकारी अनुमति नहीं मिलने के बावजूद अपने तय कार्यक्रम पर कायम हैं। दूसरी ओर, प्रशासन ने संसद मार्ग और आसपास के संवेदनशील इलाकों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए