'तथ्य हैं, सबूत हैं', निर्वाचन आयोग विवाद पर प्रियंका गांधी बोलीं- BJP का कांग्रेस पर हमला ‘पुरानी और कमजोर कहानी’
प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘ मुझे अफसोस है, यह बहुत पुरानी और कमजोर कहानी है। तथ्य हैं, सबूत हैं। पूरा देश इसे देख सकता है। मेरे भाई ने कई अलग-अलग प्रेस वार्ता में इसे दिखाया है और सबूत सामने रखे हैं।’’

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने निर्वाचन आयोग से जुड़े विवाद को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) द्वारा कांग्रेस पर किए जा रहे हमलों को शुक्रवार को ‘पुरानी और कमजोर कहानी’ करार दिया, साथ ही कहा कि कांग्रेस जो दावे कर रही है उनके पीछे ‘तथ्य और सबूत’ हैं।
प्रियंका गांधी का बीजेपी पर तंज
कांग्रेस नेता ने पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि पूरे देश ने देखा है कि क्या हुआ है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विभिन्न प्रेस वार्ताओं में पेश किए गए तथ्यों का हवाला दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे अफसोस है, यह बहुत पुरानी और कमजोर कहानी है। तथ्य हैं, सबूत हैं। पूरा देश इसे देख सकता है। मेरे भाई ने कई अलग-अलग प्रेस वार्ता में इसे दिखाया है और सबूत सामने रखे हैं।’’
बीजेपी 'बहाने बनाने' के आरोप
प्रियंका ने दावा किया कि 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं और उन्होंने बीजेपी पर ‘कमजोर बहाने’ बनाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि यदि बीजेपी नेतृत्व चुनावों में हस्तक्षेप करने के लिए निर्वाचन आयोग को प्रभावित कर रहा है, तो यह ‘देशद्रोह’ के समान है।
यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन करने की योजना बना रही है, वायनाड की सांसद ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति अपनी बैठक में आगे की रणनीति तय करेगी।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
