'ईरान जंग हार चुका है, हम होर्मुज को खोल देंगे...', इस्लामाबाद में शांति वार्ता से पहले ट्रंप की धमकी

पाकिस्तान के इस्लामाबाद में होने वाली अमेरिका-ईरान की वार्ता से पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने धमकी देते हुए कहा है कि ईरान सैन्य रूप से हार चुका है और हम स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को किसी भी कीमत पर बंद नहीं होने देंगे।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान के इस्लामाबाद में प्रस्तावित शांति वार्ता से पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को बहुत जल्द खोल दिया जाएगा और यह काम ईरान के सहयोग से या उसके बिना भी पूरा किया जा सकता है।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र है और यहां से गुजरने वाले जहाजों पर किसी प्रकार का शुल्क नहीं लगाया जा सकेगा। यदि ऐसा करने की कोशिश हुई तो अमेरिका उसे रोकने के लिए कदम उठाएगा।

ईरान की सैन्य स्थिति पहले की तुलना में कमजोर हो चुकी है

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान की सैन्य स्थिति पहले की तुलना में कमजोर हो चुकी है। उनके अनुसार किसी भी समझौते की सबसे महत्वपूर्ण शर्त यही होगी कि ईरान परमाणु हथियार हासिल न कर सके। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शासन परिवर्तन उनकी शर्तों में शामिल नहीं है, लेकिन उनका कहना था कि देश के भीतर पहले से ही कई बदलाव दिखाई दे रहे हैं।

स्थिति किस दिशा में जाएगी, यह इसी बैठक से तय होगा- ट्रंप

इस्लामाबाद में होने वाली बातचीत को लेकर उन्होंने कहा कि आने वाले समय में स्थिति किस दिशा में जाएगी, यह इसी बैठक से तय होगा। उन्होंने याद दिलाया कि पिछले कई दशकों से अलग-अलग अमेरिकी राष्ट्रपति ईरान के साथ बातचीत करते रहे हैं, लेकिन इस बार परिस्थितियां अलग हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यदि बातचीत सफल नहीं होती है तो अमेरिका सैन्य विकल्प अपनाने के लिए भी तैयार है और उसके युद्धपोतों को आधुनिक हथियारों से लगातार सुसज्जित किया जा रहा है।

ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी नौसेना के जहाजों को सबसे उन्नत हथियारों से लैस किया जा रहा है ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका प्रभावी उपयोग किया जा सके। उन्होंने यह भी दावा किया कि पहले भी ईरान के खिलाफ की गई कार्रवाइयों में अमेरिका को बड़ी सफलता मिली है। ऐसे में एक ओर बातचीत की कोशिशें जारी हैं, तो दूसरी ओर सैन्य तैयारी भी पूरी रखी जा रही है। अब सबकी नजर इस्लामाबाद में होने वाली इस अहम बैठक पर टिकी है, जिससे तय होगा कि हालात शांत होंगे या क्षेत्र में तनाव और बढ़ सकता है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia