ईरान की अमेरिका को धमकी, 'हमले के परिणाम के लिए अमेरिका पूरी तरह जिम्मेदार होगा, अब कोई रास्ता नहीं बचा'

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने कहा कि हमारे विभिन्न परमाणु स्थलों पर अमेरिकी हमलों के जवाब में अगर हम कोई कार्रवाई करते हैं, तो उसके लिए वाशिंगटन ‘‘पूरी तरह से जिम्मेदार’’ है।

फोटो: PTI
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने रविवार को कहा कि उनका देश अपने विभिन्न परमाणु स्थलों पर अमेरिकी हमलों के जवाब में आगे जो भी कार्रवाई करेगा उसके लिए वाशिंगटन ‘पूरी तरह जिम्मेदार’ होगा।

उन्होंने कहा कि उनके परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमेरिकी हमले के बाद कोई कूटनीतिक रास्ता नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि हमारे विभिन्न परमाणु स्थलों पर अमेरिकी हमलों के जवाब में अगर हम कोई कार्रवाई करते हैं, तो उसके लिए वाशिंगटन ‘‘पूरी तरह से जिम्मेदार’’ है।

अरागची ने इस्तांबुल में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि ऐसी कोई ‘लक्ष्मण रेखा’’ अब नहीं बची है जिसे अमेरिका ने पार नहीं किया है। उन्होंने कहा कि हालांकि ‘‘कूटनीतिक रास्ते’’ हमेशा खुला रहने चाहिए, लेकिन ‘‘अब ऐसा नहीं है।’’


अरागची ने तुर्किये में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘अमेरिका में युद्धोन्मादी, अराजक प्रशासन अपने आक्रामक कृत्य के खतरनाक परिणामों और दूरगामी प्रभावों के लिए पूरी तरह से जिम्मेदार है।’’

ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि अंतिम लक्ष्मण रेखा सबसे खतरनाक रेखा है जो कल पार की गई; अमेरिका ने परमाणु प्रतिष्ठानों पर हमला करके इस लक्ष्मण रेखा को लांघने का काम किया है।

अमेरिका द्वारा ईरान के परमाणु ठिकानों पर किये गए हमले के बाद ईरान के विदेश मंत्री की यह पहली प्रतिक्रिया है। ईरान के विदेश मंत्री ने कहा कि वह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करने के लिए रविवार को मॉस्को जाएंगे।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia