दुनिया की 5 बड़ी खबरें: पाक में ट्रेन-बस की टक्कर में 29 श्रद्धालुओं की मौत और जीन कास्टेक्स होंगे फ्रांस के अगले PM

पाकिस्तान के पंजाब में ट्रेन-बस की टक्कर में 29 सिख तीर्थयात्रियों की मौत हो गई है और एडुआर्डो फिलिप के इस्तीफे के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने शुक्रवार को जीन कास्टेक्स को देश का अगला प्रधानमंत्री नियुक्त किया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

पाक के पंजाब में सिख श्रद्धालुओं की बस की ट्रेन से टक्कर, 29 की मौत

पाकिस्तान के पंजाब में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। पाकिस्तान के पंजाब स्थित शेखुपुरा जिले में श्रद्धालुओं से भरी बस की ट्रेन से टक्कर हो गई है। स्थानीय मीडिया के अनुसार इस हादसे में 29 लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि कई लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं। सिख श्रद्धालुओं से भरी बस में दो दर्जन से अधिक लोग सवार थे, जिसमे से 29 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों को शेखुपुरा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीपीओ ने बताया कि बस में सिख यात्री सवार थे और ये सभी लोग ननकाना साहब से लौट रहे थे। रेल मंत्री शेख राशिद ने पूरे हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।

इसे भी पढ़ें- महंगाई से पाकिस्तान का बुरा हाल और जर्मनी ने 'मुश्किल समय' में ईयू की अध्यक्षता संभाली

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया

एडुआर्डो के इस्तीफे के बाद कास्टेक्स होंगे फ्रांस के अगले प्रधानमंत्री

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने शुक्रवार को जीन कास्टेक्स को देश का अगला प्रधानमंत्री नियुक्त किया है। देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में चुने गए कास्टेक्स ने फ्रांस में कोरोना वायरस की वजह से लगे लॉकडाउन के बाद रीओपनिंग रणनीति को कोऑर्डिनेट किया था। समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, अपेक्षाकृत कम प्रोफाइल वाले जीन कैस्टेक्स ने एडुआर्डो फिलिप की जगह लेंगे, जिन्होंने आज शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन लॉकडाउन के महीनों के बाद अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने की कोशिशों के तहत अपनी सरकार में फेरबदल कर रहे हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया

म्यांमार में खदान में भूस्खलन में 162 की मौत

उत्तरी म्यांमार में एक जेड खनन स्थल पर भूस्खलन होने के बाद मलबे से करीब 162 शव निकाले गए हैं। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, कचिन राज्य के हापाकांत क्षेत्र में लापता लोगों के लिए बचाव कार्य पूरे दिन जारी रहा, वहीं अभी भी कई लोगों के लापता होने की सूचना है। अग्निशमन विभाग ने कहा कि भारी बारिश के कारण चट्टान टूटने से कीचड़ फैल गई है। म्यांमार दुनिया में जेड का सबसे बड़ा स्रोत है। हालांकि यहां इसी तरह की कई दुर्घटनाएं होती हैं। इन स्थानों पर कई लोग इस कार्य में शामिल हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया

हॉन्ग कॉन्ग: चीन के साथ बैंकों ने किया बिजनेस तो लिया जाएगा एक्‍शन, पास हुआ बिल

अमेरिकी कांग्रेस में एक ऐसा बिल पास हुआ है जिसके बाद अब अगर कोई भी बैंक, चीन के साथ व्‍यापार करता हुआ पाया गया तो फिर उसे सजा दी जाएगी। यह बिल हांगकांग पर आए नए सुरक्षा कानून के खिलाफ पास किया गया है। चीन की संसद ने हांगकांग के नए सुरक्षा कानून को मंजूरी दे दी है और अब माना जा रहा है कि उसका ब्रिटेन, अमेरिका जैसे देशों के साथ टकराव बढ़ सकता है। डेमोक्रेटिक पार्टी के सीनेटर क्रिस वान होलेन ने कहा कि यह एक आपातकालीन स्थिति है। इससे ज्‍यादा संवेदनशील समय अब नहीं आ सकता है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया

UN की कार में आपत्तिजनक हालत में मिले कर्मचारी को सस्पेंड किया गया

इजरायल में कुछ लोगों द्वारा संयुक्त राष्ट्र के एक आधिकारी वाहन में सेक्स करने का वीडियो सामने आया है। यूएन ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए ये कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। संयुक्त राष्ट्र ने इसकी जांच शुरू कर दी है। घटना इजरायल की तेल अवीव की है। 18 सेकंड के वीडियो में यूएन के दो कर्मचारी एक सफेद रंग की कार में दिख रहे हैं। इस कार में एक लाल ड्रेस पहने महिला एक व्यक्ति की गोद में बैठी दिख रही है। कार की अगली सीट पर एक अन्य व्यक्ति बैठा दिख रहा है। जो सो रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कार की प्लेट संयुक्त राष्ट्र पर्यवेक्षण संगठन (UNTSO) की है। इस वीडियो को तेल अवीव के समुद्र के किनारे एक मुख्य सड़क पर रिकॉर्ड किया गया है। यह माना जा रहा है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति इजरायल में तैनात संयुक्त राष्ट्र शांति संगठन में शामिल स्टाफ का सदस्य है।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia