CJP Protest: आज भी बंद है दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशन, राजीव चौक, सुप्रीम कोर्ट से लेकर ITO तक, देखें लिस्ट

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने शुक्रवार को भी 17 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया है। ये स्टेशन शुक्रवार सुबह 7:30 बजे से बंद हैं। हालांकि, यात्रियों के लिए राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी।

फोटो: विपिन
i

राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन का असर लगातार तीसरे दिन भी दिल्ली मेट्रो सेवाओं पर देखने को मिल रहा है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने शुक्रवार को भी 17 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया है। ये स्टेशन शुक्रवार सुबह 7:30 बजे से बंद हैं। हालांकि, यात्रियों के लिए राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी।

आज ये 17 मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद

DMRC के अनुसार, जिन स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद किया गया है, उनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, ITO, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान शामिल हैं।

लगातार तीसरे दिन प्रभावित रही मेट्रो सेवा

दिल्ली मेट्रो का संचालन पिछले तीन दिनों से प्रभावित है। गुरुवार को पहले 16 स्टेशनों को बंद किया गया था, लेकिन बाद में झंडेवालान मेट्रो स्टेशन को भी बंद कर दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की ओर से कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग किए जाने के कारण मेट्रो सेवाओं के साथ-साथ सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है।

यात्रियों को करना पड़ रहा है अतिरिक्त सफर

मेट्रो स्टेशन बंद होने की वजह से हजारों यात्रियों को ऑटो, कैब और बसों का सहारा लेना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि रोजाना के मुकाबले उनके सफर में करीब 40 से 45 मिनट तक का अतिरिक्त समय लग रहा है। खासकर सुबह और शाम के पीक ऑवर में लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बसों और सड़कों पर भी बढ़ा दबाव

शाम को दफ्तरों की छुट्टी के बाद बस स्टॉप और सार्वजनिक परिवहन पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। कई लोगों को बसों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा, जबकि वैकल्पिक मार्ग अपनाने के बावजूद ट्रैफिक जाम के कारण घर पहुंचने में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक समय लगा। प्रशासन की ओर से सुरक्षा कारणों से यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए