अकासा एयर ने भी 15 मार्च से सभी उड़ानों पर ईंधन अधिभार लगाने का किया ऐलान, मध्य-पूर्व में जारी जंग का असर

इससे पहले एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो भी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के टिकटों पर ईंधन अधिभार लगाने का ऐलान कर चुका है।

अकासा एयर ने भी 15 मार्च से सभी उड़ानों पर ईंधन अधिभार लगाने का किया ऐलान, मध्य-पूर्व में जारी जंग का असर
i
user

नवजीवन डेस्क

अकासा एयर ने शनिवार को ऐलान किया कि एयरलाइन 15 मार्च से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के टिकटों पर ईंधन अधिभार (फ्यूल सरचार्ज) लगाएगा। एयरलाइन के अनुसार, यह अतिरिक्त शुल्क घरेलू उड़ानों के टिकटों पर 199 रुपये से लेकर 1,300 रुपये तक होगा। इस कदम से यात्रियों को अब अपनी यात्रा के लिए अधिक भुगतान करना होगा।

अकासा एयर ने कहा कि वह प्रत्येक उड़ान के लिए ईंधन अधिभार लगाएगी और यह राशि उड़ान की अवधि के आधार पर अलग-अलग होगी। कंपनी ने कहा, "अकासा एयर अपनी सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर 199 रुपये से लेकर 1,300 रुपये तक का ईंधन शुल्क लागू करेगी। यह नियम 15 मार्च, 2026 की रात 12:01 बजे से होने वाली सभी टिकट बुकिंग पर लागू होगा।" यह अधिभार टिकट की मूल कीमत के अतिरिक्त होगा। यात्रियों को टिकट बुक करते समय इस अतिरिक्त शुल्क का ध्यान रखना होगा।


एयरलाइन ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण पिछले कुछ समय से वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। इसका सीधा असर विमानन कंपनियों के परिचालन लागत पर पड़ रहा है, क्योंकि इस बीच विमान ईंधन की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है। ईंधन लागत विमानन कंपनियों के कुल खर्च का एक बड़ा हिस्सा होती है। ऐसे में नुकसान को कम करने के लिए ईंधन अधिभार लगाने का निर्णय लेना पड़ा है।

एयरलाइन ने कहा कि वह बाजार की स्थितियों की लगातार निगरानी करती रहेगी। यह कदम हवाई यात्रा को थोड़ा महंगा बना देगा। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते जेट फ्यूल की कीमतों में हुई तेज बढ़ोतरी के बाद एअर इंडिया, इंडिगो और एअर इंडिया एक्सप्रेस पहले ही ईंधन अधिभार लगाने का फैसला ले चुकी है।

इसे भी पढ़ेंः ईरान युद्ध का असर: इंडिगो ने 14 मार्च से सभी उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज लगाने का किया ऐलान, सफर होगा महंगा

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia