किसान आंदोलन 2.0: पंजाब के किसानों के समर्थन में हरियाणा के किसान, राज्यभर में 3 घंटे टोल फ्री कराने का ऐलान

किसानों की मांगों को लेकर दिल्ली कूच पर निकले पंजाब के किसानों के समर्थन में हरियाणा के किसानों द्वारा आज 3 घंटे टोल फ्री करने का ऐलान किया गया है।

फोटो सोशल मीडिया
फोटो सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

संयुक्त किसान मोर्चा और भारतीय किसान यूनियन ने 16 फरवरी को 'भारत बंद' का ऐलान किया है। संयुक्त किसान मोर्चा ने 'ग्रामीण भारत बंद' का नाम दिया गया है। किसान आंदोलन को लेकर आज हरियाणा में भी इसका पूरा असर रहेगा। हरियाणा के सभी टोल आज 3 घंटे के लिए टोल फ्री रहेंगे। सभी टोल दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक टोल फ्री रहेंगे। रोडवेज कर्मचारियों ने किसानों के सहयोग में चक्का जाम का ऐलान किया है। पिछले किसान आंदोलन में हरियाणा की ओर से सक्रिय भूमिका निभाने वाले गुरनाम सिंह चढ़ूनी के नेतृत्व वाले गुट भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी ने भी गुरुवार को आपात बैठक कर बड़े फैसले लिए हैं।

उन्होंने प्रदेशभर के टोल प्लाजा फ्री कराए जाने के साथ साथ तहसील स्तर पर ट्रैक्टर मार्च निकालने की बात भी कही। रविवार को ब्रह्मसरोवर तट पर सभी संगठनों, खाप पंचायतों और अन्य संगठनों की अहम बैठक भी बुलाई है, जिसमें आंदोलन की अगली रणनीति को लेकर रूपरेखा तैयार की जाएगी।

गुरनाम सिंह चढ़ूनी की अध्यक्षता में गुरुवार को बुलाई गई आपात बैठक में आंदोलन कर रहे किसानों की मांगों के नैतिक समर्थन का ऐलान भी किया गया। कहा गया कि भले ही पंजाब सीमा पर डटे किसानों के साथ चढ़ूनी गुट से जुड़े किसान दिखाई नहीं देंगे, लेकिन उनकी मांगों के समर्थन में लगातार सड़कों पर उतरेंगे।


उधर, पंजाब किसान मजदूर संघर्ष समिति के महासचिव सरवन सिंह पंढेर ने केंद्र सरकार संग हुई मीटिंग को लेकर कहा, ”बैठक में हर मांग पर लंबी चर्चा हुई। MSP पर ज्यादा चर्चा हुई जो कि सबसे बड़ा मुद्दा है। अब देखते हैं रविवार को जो मीटिंग है उसमें क्या निकल कर आता है। कुछ चैनल के पत्रकार प्रोपेगेंडा फैला रहे हैं। कह रहे हैं कि किसान पंजाब सरकार के बैठाए हुए हैं, कांग्रेस के बैठाए हुए हैं या लेफ्ट के लोग हैं। इस तरह की कई बातें की जा रही हैं। लेकिन यह सब गलत है। जो लोग बैठे हैं वो देश के किसान हैं, मजदूर लोग हैं। यह आंदोलन सिर्फ पंजाब और हरियाणा का नहीं, बल्कि पूरे देश का है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia