बीजेपी में ब्लात्कारियों का बचाव करने वालों की भरमार, अंकिता के परिवार को आज भी न्याय का इंतजार: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि यही बीजेपी की विकृत मानसिकता है बलात्कारियों और अपराधियों को बचाना, उनका राजनीतिक संरक्षण करना, यहां तक कि बलात्कार के दोषियों का फूल-मालाओं से स्वागत करना। बीजेपी में ऐसे लोगों की भरमार है।

बीजेपी में ब्लात्कारियों का बचाव करने वालों की भरमार, अंकिता के परिवार को आज भी न्याय का इंतजार: राहुल गांधी
i

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी मामले की पीड़िता के माता-पिता से मुलाकात के बाद शनिवार को कहा कि घटना को चार साल बीत जाने के बावजूद परिवार अपनी बेटी के लिए न्याय का इंतजार कर रहा है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि बलात्कारियों की रक्षा करने वालों की बीजेपी में भरमार है।

परिवार को आज भी न्याय का इंतेजार

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने अंकिता के माता-पिता से बीते गुरुवार को दिल्ली में मुलाकात की थी। राहुल गांधी ने आज ‘एक्स’ पर अंकिता के माता-पिता के साथ मुलाकात की फोटो शेयर करते हुए एक पोस्ट में कहा, ‘‘चार साल बीत चुके हैं, लेकिन आज भी वो न्याय का इंतजार कर रहे हैं, अपनी बच्ची के खिलाफ एक ऐसे अपराध के लिए जिसकी कोई माफी नहीं।’’

वीआईपी की शर्मनाक मांग का विरोध करने पर हत्या

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘सिर्फ 19 साल की अंकिता वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थीं जहां एक ‘वीआईपी’ मेहमान की शर्मनाक मांग का विरोध करने पर चीला नहर में डुबो कर उनकी हत्या कर दी गई।’’ उन्होंने दावा किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने ‘‘हिंसा और डुबोने के सबूतों की पुष्टि’’ की थी। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि रिजॉर्ट में अंकिता के कमरे को किसी भी तरह की जांच होने से पहले ध्वस्त क्यों कर दिया गया?


‘वीआईपी’ बीजेपी-आरएसएस का बड़ा नेता

राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘राज्य सरकार खुद आज तक उस ‘वीआईपी’ को संरक्षण दे रही है। क्यों? क्योंकि वह बीजेपी-आरएसएस का बड़ा नेता है।’’ उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘यही बीजेपी की विकृत मानसिकता है बलात्कारियों और अपराधियों को बचाना, उनका राजनीतिक संरक्षण करना, यहां तक कि बलात्कार के दोषियों का फूल-मालाओं से स्वागत करना।’’

इसे भी पढ़ेंः कांग्रेस ने फिर उठाई अंकिता भंडारी मामले में CBI जांच की मांग, 'सरकार न्याय नहीं दे सकती, चैन की नींद सो रही है'

बीजेपी में बलात्कारियों का बचाव करने वालों की भरमार

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘दुनिया में सबसे घिनौने इंसान वो होते हैं जो बलात्कारियों की रक्षा करते हैं और बीजेपी में ऐसे लोगों की भरमार है।’’ उन्होंने कहा कि भारत तब तक आगे नहीं बढ़ सकता जब तक महिलाओं को पुरुषों के इस्तेमाल की वस्तु समझने वाली ‘‘यह अमानवीय मानसिकता’’ खत्म नहीं होती। उन्होंने कहा, ‘‘भारत तभी आगे बढ़ेगा, जब भारत की महिलाएं आगे बढ़ेंगी - सम्मान, सुरक्षा, समानता और न्याय के साथ।’’

इसे भी पढ़ेंः अंकिता भंडारी हत्‍याकांड: देहरादून में जबरदस्त प्रदर्शन, सड़कों पर उमड़ा सैलाब, कथित VIP पर एक्शन और CBI जांच की मांग


सितंबर, 2022 में हुई थी अंकिता की हत्या

उत्तराखंड की 19 वर्षीय अंकिता भंडारी पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती थी। सितंबर, 2022 में उसके लापता होने के बाद शव चिल्ला नहर से बरामद हुआ था। मामले में रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य और दो अन्य कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया। अभियोजन के अनुसार, अंकिता पर एक ‘वीआईपी’ अतिथि को कथित तौर पर विशेष सेवाएं देने का दबाव था, जिसका उन्होंने विरोध किया। मामले की जांच के दौरान रिजॉर्ट के एक हिस्से को ध्वस्त किए जाने को लेकर भी सवाल उठे। बाद में अदालत ने तीन आरोपियों को दोषी ठहराया और उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

इसे भी पढ़ेंः अंकिता भंडारी हत्याकांड: पूर्व BJP नेता के बेटे समेत 3 दोषियों को उम्रकैद, पीड़ित परिवार को 4 लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान