BJP ने प्रधान को हटाकर प्रधानमंत्री को बचा लिया, जो चंदा चोरी नहीं रोक पाए, वो पेपर लीक क्या रोकेंगे: अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले का उल्लेख करते हुए बीजेपी पर कटाक्ष किया और कहा कि जो लोग चढ़ावा की चोरी होने से नहीं बचा पाए, वो पेपर लीक कैसे रोक पाएंगे।

समाजवादी पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लोकसभा में ‘लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026’ पर चर्चा में भाग लेते हुए मोदी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि बीजेपी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बचा लिया। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो राम मंदिर में चढ़ावा चोरी नहीं रोक पाए, वो पेपर लीक भला कैसे रोक पाएंगे।
प्रधान को हटाकर प्रधानमंत्री के बचाया
अखिलेश यादव ने जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन का हवाला दिया और कहा कि ‘‘सरकार झुकती है, सिर्फ झुकाने वाला चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पूर्व शिक्षा मंत्री (प्रधान) जब लोकसभा में लौटे तो सदन के बाहर उनका स्वागत किया गया। इससे हमें कोई शिकायत नहीं है। माननीय सदस्यों को कितनी राहत मिली होगी...एक प्रधान जी को हटाकर आपने (बीजेपी) प्रधानमंत्री के बचा लिया।’’
बीजेपी को झुकाने वाली नई पीढ़ी को बधाई
एसपी प्रमुख ने कहा, ‘‘नयी पीढ़ी को बधाई देना चाहता हूं कि उन्होंने बीजेपी को झुकने के लिए विवश कर दिया।’’ उन्होंने कहा कि जब सरकार घबरा जाती है और डर जाती है, तब मांगों को स्वीकार कर लेती है। उन्होंने कहा कि यह ऐसा पहला आंदोलन था जिसमें बच्चों के साथ उनके माता-पिता भी जुड़ गए थे। उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले का उल्लेख करते हुए बीजेपी पर कटाक्ष किया, ‘‘जो लोग चढ़ावा की चोरी होने से नहीं बचा पाए, वो पेपर लीक कैसे रोक पाएंगे।’’
कहीं पूरी सरकार को आउटसोर्स न कर दिया जाए
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य में पेपर लीक की कई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां से प्रधानमंत्री मोदी चुनकर आते हैं, वहां ऐसी स्थिति है। उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) में कर्मचारियों को ‘आउटसोर्स’ पर रखने का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘डर लगता है कि कहीं पूरी सरकार को आउटसोर्स न कर दिया जाए।’’
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ने शिक्षा और शैक्षणिक संस्थाओं को एक रंग में रगने का प्रयास किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्राथमिक विद्यालयों को बंद कर रही है कि ताकि पिछड़े, दलित और गरीबों के बच्चे नहीं पढ़ पाएं। उनका कहना था कि उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 26,386 प्राथमिक विद्यालय बंद किये गए हैं।
इसे भी पढ़ेंः 'पैलेट गन चलाने का किसने दिया आदेश? गृहमंत्री दें जवाब', लोकसभा में गौरव गोगोई का सरकार पर तीखा हमला
बीजेपी की नफरत की राजनीति देश को कहां ले जाएगी
अखिलेश यादव ने रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की कई इमारतों को ध्वस्त करने संबंधी प्रशासनिक आदेश का हवाला देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में स्वतंत्रता सेनानी मौलाना मोहम्मद अली जौहर के नाम पर विश्वविद्यालय बना था और उसे हथौड़ा लेकर तोड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सवाल किया कि बीजेपी की नफरत की राजनीति देश को कहां तक ले जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं की मांगों को सुना जाना चाहिए।
इसे भी पढ़ेंः संसद में सरकार पर बरसे इंडिया ब्लॉक के सांसद, 'छात्रों पर गोली चलाने जैसी नौबत क्यों आई? चर्चा से ही निकलेगा समाधान'
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
