विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित होते ही बीजेपी की हार तय, इंडिया गठबंधन ही हराएगा: अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इनके पास बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी का कोई जवाब नहीं है। सरकार लगातार झूठे वादे करती रही, लेकिन युवाओं को नौकरी और रोजगार नहीं दे पाई।

विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित होते ही बीजेपी की हार तय, इंडिया गठबंधन ही हराएगा: अखिलेश यादव
i

जिस दिन विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित होगी, उसी दिन बीजेपी की हार तय

अखिलेश ने कहा- बीजेपी को समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन ही हराएगा

बीजेपी सरकार के पास बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी का कोई जवाब नहीं है

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस दिन विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित होगी, उसी दिन बीजेपी की हार तय हो जाएगी। बीजेपी को समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन ही हराएगा। इनके पास बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी का कोई जवाब नहीं है। सरकार लगातार झूठे वादे करती रही, लेकिन युवाओं को नौकरी और रोजगार नहीं दे पाई।

सीट बंटवारे पर अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार एक ऐतिहासिक अवसर है जब हम दोनों पंथनिरपेक्ष पार्टियां मिलकर साम्प्रदायिक बीजेपी और उनके संकीर्ण सोच के साथियों को हमेशा के लिए हराकर, देश को गलत हाथों में जाकर बर्बाद होने से बचा सकते हैं। हम चाहते हैं कि आप और हम जन-अपेक्षाओं और वास्तविकताओं को समझकर गंभीर विचार-विमर्श करें जिससे अधिकांश सीटों पर अपने ‘गठबंधन’ की जीत सुनिश्चित हो। जितनी सीटें आप-हम लड़ें उनमें हमारी जीत की सीटें, न जीत पाने वाली सीटों से अधिक हों। जीत ही बंटवारे को सम्मानजनक बनाएगी क्योंकि जीती हुई सीट ही सम्मान दिलाएगी।

बीजेपी सरकार में निवेश केवल तस्वीरों में

अखिलेश यादव सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर लखनऊ कैंट स्थित गुरुद्वारे में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर सभी को बधाई और शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर रोजगार और निवेश के मुद्दे पर सवाल उठाए।

अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार में निवेश केवल तस्वीरों में दिखाई दे रहा है, जबकि जमीन पर कहीं कोई निवेश नजर नहीं आता। दावा किया जा रहा है कि ताइवान से एक हजार करोड़ रुपए का निवेश आएगा, लेकिन यह सब केवल तस्वीरों तक सीमित है। इससे उत्तर प्रदेश और यहां के नौजवानों का कोई भला नहीं होने वाला है।


इंडिया गठबंधन का लक्ष्य बीजेपी को हराना

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन को लेकर बातचीत के लिए वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। इस संबंध में बातचीत चल रही है। इंडिया गठबंधन का लक्ष्य बीजेपी को हराना, लोकतंत्र और संविधान को बचाना है। उन्होंने कहा कि गठबंधन जीत के लिए होता है।

अतरौलिया विधानसभा सीट को लेकर पूछे गए सवाल पर एसपी प्रमुख ने कहा कि अतरौलिया में समाजवादी पार्टी जीतेगी और संग्राम यादव ऐतिहासिक मतों से जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि अतरौलिया की जनता जानती है कि एक्सप्रेसवे, फोरलेन सड़कों और अस्पतालों के निर्माण के बाद क्षेत्र में बदलाव आया है।

हम सब मिलकर रहें और एक-दूसरे का सम्मान करें

इससे पहले गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने कहा कि आज देश और दुनिया में गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व मनाया जा रहा है। देश को खुशहाली और तरक्की के रास्ते पर ले जाने में सिख समाज का बहुत बड़ा योगदान है। अमेरिका, यूरोप, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया तक भारत की छवि बनाने में सिख समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि लोग जगह-जगह गुरुद्वारों में एकत्र होकर गुरु नानक देव की शिक्षाओं और समाज के प्रति उनके योगदान को नमन कर रहे हैं। हम सभी हिंदुस्तानियों को गर्व है कि इस धरती पर अलग-अलग पंथ और धर्मों के लोग मिल-जुलकर रहते हैं। यही हमारे देश की खूबसूरती है। सभी लोग हर त्योहार को मिलकर मनाते हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि गुरु नानक देव को मानने वाले और उनके अनुयायी जाति-धर्म का भेदभाव नहीं करते। प्रकाश पर्व का संदेश है कि हम सब मिलकर रहें और एक-दूसरे का सम्मान करें।

इसे भी पढ़ेंः यूपी चुनाव: 403 सीटों पर दिल्ली में महामंथन, सीट बंटवारे पर रामगोपाल यादव ने दिया ऐसा जवाब कि बढ़ गई हलचल

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए