‘CBI रेड से पता चला कि पंजाब में चुनाव आ गए’, CM भगवंत मान ने मोदी सरकार पर जमकर बोला हमला

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस और उनके OSD राजबीर सिंह घुम्मन से जुड़े ठिकानों पर सीबीआई की छापेमारी के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है।

पंजाब के सीएम भगवंत मान
i
  • भगवंत मान ने सीबीआई रेड को आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए बीजेपी पर विपक्षी नेताओं को जांच एजेंसियों के जरिए निशाना बनाने का आरोप लगाया।

  • पंजाब और चंडीगढ़ में आठ जगहों पर छापेमारी के दौरान लैपटॉप, मोबाइल फोन और दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

  • राजबीर सिंह घुम्मन समेत छह लोगों पर सरकारी फैसलों और अधिकारियों की पोस्टिंग सहित कई मामलों को प्रभावित करने के बदले कथित आर्थिक लाभ लेने के आरोप हैं।

पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस और उनके OSD राजबीर सिंह घुम्मन से जुड़े ठिकानों पर सीबीआई की छापेमारी के बाद राज्य की सियासत में हलचल बढ़ गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस कार्रवाई को आगामी विधानसभा चुनावों से जोड़ते हुए बीजेपी पर केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।

संगरूर में मीडिया से बातचीत के दौरान भगवंत मान ने कहा कि सीबीआई की कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि पंजाब में चुनावी माहौल बनने लगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी का तरीका रहा है कि चुनाव करीब आते ही विपक्षी नेताओं और उनके परिवारों को जांच एजेंसियों के जरिए परेशान किया जाता है।

वहीं, सीबीआई के मुताबिक पंजाब और चंडीगढ़ में कुल आठ स्थानों पर तलाशी ली गई। इस दौरान जांच एजेंसी ने लैपटॉप, मोबाइल फोन और कई दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। सीबीआई का कहना है कि जब्त की गई सामग्री की जांच की जा रही है।

'रेड हुई तो समझिए चुनाव आ गए'

मान ने अपने OSD राजबीर सिंह घुम्मन का बचाव करते हुए कहा कि उनके गांव के लोग भी उनके साथ खड़े हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई के पीछे उन्हें, उनके परिवार और पंजाब सरकार की छवि खराब करने की कोशिश है। हालांकि, मान ने यह भी कहा कि अगर सरकार या उसके लोगों ने कोई गलत काम नहीं किया है तो उन्हें किसी जांच से डरने की जरूरत नहीं है।

भगवंत मान ने सीबीआई की कार्रवाई को सीधे 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि अब उन्हें पता चल गया है कि पंजाब में चुनाव आने वाले हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही केंद्रीय एजेंसियों के जरिए विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई शुरू कर दी जाती है। उन्होंने पश्चिम बंगाल, दिल्ली और हरियाणा का हवाला देते हुए कहा कि इन राज्यों में भी विपक्षी नेताओं और उनके करीबी लोगों को इसी तरह जांच के दायरे में लिया गया है।

OSD राजबीर घुम्मन समेत छह लोगों पर FIR

सीबीआई ने इस मामले में मुख्यमंत्री के OSD राजबीर सिंह घुम्मन समेत छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। FIR में राजबीर घुम्मन के अलावा नितिन गोहल, जितिन गोहल उर्फ राजा, रोमी राजा महाजन, बीर देविंदर और आरएस नागरा के नाम दर्ज हैं।

सीबीआई की FIR के अनुसार, जांच में आरोप है कि इन लोगों ने प्रशासनिक और सरकारी फैसलों को प्रभावित करने के बदले कथित तौर पर आर्थिक लाभ हासिल किया। आरोपों में IAS और IPS अधिकारियों की पोस्टिंग, विभागीय कार्रवाई, नीतिगत निर्णय, प्रशासनिक मंजूरियां, टेंडर की शर्तें, लाइसेंसिंग, जमीन के इस्तेमाल में बदलाव, संपत्ति विवाद और राजस्व से जुड़े मामलों को प्रभावित करना शामिल है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए