मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने उप्र, हिमाचल, उत्तराखंड के दौरे टाले

चुनाव आयोग में भारी मतभेद की खबरों का खुलासा होने के बाद सीईसी ज्ञानेश कुमार ने कई राज्यों के अपने दौरे टाल दिए हैं।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार
i

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने चुनावी साक्षरता क्लब के सम्मेलनों में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के अपने दौरे टाल दिए हैं। हालांकि चुनाव आयोग के अधिकारियों का कहना है कि तारीखों में बदलाव एक सामान्य प्रक्रिया है। अधिकारियों ने बताया कि हाल में लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी इसी तरह के सम्मेलन टाल दिए गए थे। कुमार को मेरठ और वाराणसी में चुनावी साक्षरता क्लब के क्षेत्रीय सम्मेलनों में शामिल होना था।

दौरे स्थगित किए जाने के संबंध में सूचना 21 सितंबर को भेजी गई थी। अधिकारियों ने इस बात से इनकार किया कि निर्वाचन आयुक्तों के बीच मतभेदों की खबरों को लेकर हुआ विवाद इसकी वजह है। अधिकारियों ने बताया कि विवाद 23 सितंबर को शुरू हुआ था, जबकि उत्तर प्रदेश के दौरे 21 सितंबर को ही टाल दिए गए थे। उन्होंने कहा कि इसी तरह, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड के दौरे भी काफी पहले टाल दिए गए थे।

निर्वाचन आयोग ने 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले ‘जेन अल्फा’ और ‘जेन जी’ से जुड़ने और उन्हें चुनावी प्रक्रिया से अच्छी तरह वाकिफ कराने के लिए नए सिरे से कोशिशें शुरू की हैं।

नए स्वरूप में शुरू किए गए अभियान के तहत निर्वाचन आयोग देश के 4,123 विधानसभा क्षेत्रों में कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के साथ-साथ कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को भी अभियान से जोड़ेगा। बता दें कि शुक्रवार को देश भर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

इंडियन एक्सप्रेस की खबर सामने आने और फिर लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की प्रेस कांफ्रेंस के बाद 25 सितंबर 2026 को दिल्ली, पटना, जम्मू, कोलकाता, लखनऊ और गुवाहाटी समेत कई शहरों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर सीईसी के इस्तीफे की मांग की।


इस बीच दिल्ली में चुनाव आयोग के दफ्तर और अशोक रोड के आसपास भारी पुलिस बल और सीआईएसएफ (CISF) के जवानों को तैनात किया गया, जिससे पूरा इलाका छावनी में बदल गया।

अन्य विपक्ष दलों सीपीएम, सीपीआई, सीपीआई (एमएल) ने भी ज्ञानेश कुमार को हटाने और विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) को रोकने की मांग करते हुए 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक देशव्यापी विरोध का ऐलान किया है।

इसके अलावा कॉकरोच जनता पार्टी, सिटजन्स फॉर जस्टिस एंड पीस आदि संगठनों ने भी ज्ञानेश कुमार पर चुनावी प्रक्रिया से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए 2 बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

(पीटीआई इनपुट के साथ)