ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, देश भर में सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, CEC के इस्तीफे की मांग

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ की मांग को लेकर कांग्रेस ने दल्ली, गुवाहाटी, चंडीगढ़, मणिपुर, पटना, जम्मू समेत कई शहरों में प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और नारेबाजी करते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, देश भर में  सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, CEC के इस्तीफे की मांग (फोटो: विपिन)
i

कांग्रेस पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हल्ला बोल दिया है। पार्टी ने शुक्रवार को पूरे देश में उनके खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयोग में ज्ञानेश कुमार मनमानी कर रहे हैं और बाकी दो चुनाव आयुक्तों की बात नहीं सुन रहे हैं। एक अखबार में हुए खुलासे के बाद कांग्रेस ने देशभर के कई शहरों में एक साथ विरोध प्रदर्शन किया और ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग की।

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ की मांग को लेकर कांग्रेस ने दल्ली, गुवाहाटी, चंडीगढ़, मणिपुर, पटना, जम्मू समेत कई शहरों में प्रदर्शन किया। इन सभी शहरों में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और नारेबाजी करते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।

गुवाहाटी में गौरव गोगोई  प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिये गये

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, देश भर में  सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, CEC के इस्तीफे की मांग
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, देश भर में  सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, CEC के इस्तीफे की मांग

गुवाहाटी में इस प्रदर्शन की अगुवाई गौरव गोगोई ने की। यहां प्रदर्शन के दौरान पुलिस बैरिकेड से आगे जाने की कोशिश करने पर कांग्रेस की असम इकाई के प्रमुख गौरव गोगोई और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में ले लिया गया।

गोगोई के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस ने अपने मुख्यालय राजीव भवन से एक मार्च निकाला और उसकी योजना सीईसी का पुतला फूकने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय की ओर बढ़ने की थी। पुलिस ने राजीव भवन के पास बैरिकेड लगाए थे, जिन्हें गोगोई समेत प्रदर्शनकारी नेताओं ने पार करने की कोशिश की। उसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।


सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ यूथ कांग्रेस का दिल्ली में हल्ला बोल

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, देश भर में  सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, CEC के इस्तीफे की मांग
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, देश भर में  सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, CEC के इस्तीफे की मांग
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, देश भर में  सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, CEC के इस्तीफे की मांग
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, देश भर में  सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, CEC के इस्तीफे की मांग

दिल्ली में आज यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन यूथ कांग्रेस के हेड क्वार्टर से शुरू हुआ और धीरे धीरे आगे बढ़ता गया। कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए और हाथों में झंडे और पोस्टर लेकर नारेबाजी करते नजर आए। प्रदर्शन की अगुवाई खुद इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चब कर रहे थे। इस दौरान एक कार्यकर्ता को सीईसी ज्ञानेश कुमार का मास्क पहनाकर और हाथों में सांकेतिक हथकड़ियां डालकर लाया गया, जिससे यह संदेश दिया जा सके कि अब उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

पटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल

बिहार में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कथित ‘मनमानी कार्यशैली’ के विरोध में राज्य चुनाव आयोग (ईसी) के कार्यालय तक मार्च कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने शुक्रवार को पानी की बौछार की।

पार्टी कार्यकर्ता चुनावी नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चुनाव आयोग के भीतर मतभेद संबंधी एक मीडिया रिपोर्ट के बाद प्रस्तावित विरोध मार्च के लिए चुनाव आयोग कार्यालय से लगभग आधा किलोमीटर दूर ‘आर ब्लॉक’ चौराहे पर एकत्र हुए थे।

मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की और चुनाव आयोग कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। जहां उनपर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।


पंजाब कांग्रेस ने प्रदर्शन किया, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग

कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने और गिरफ्तार करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

इस दौरान चंडीगढ़ स्थित निर्वाचन आयोग कार्यालय का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने पानी की बौछारें कीं।

पंजाब कांग्रेस के कई नेताओं, विधायकों एवं कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-17 में प्रदर्शन किया। जब वे राज्य चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च करने के लिए पुलिस बैरिकेड पार करने की कोशिश कर रहे थे तो चंडीगढ़ पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद पुलिस ने कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

हिरासत में लिए जाने से पहले प्रदर्शनकारी कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में धांधली की गई है और नागरिकों से मतदान का अधिकार छीना जा रहा है।

कांग्रेस के अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ ‘‘वोट चोरी बंद करो” का नारा लगाते हुए वडिंग ने मांग की कि कुमार को पद से हटाया जाए, उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए और उन्हें गिरफ्तार किया जाए।

मणिपुर कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

मणिपुर कांग्रेस के सदस्यों ने भी प्रदर्शन किया और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर निर्वाचन आयोग में असंतोष होने का दावा करने वाली एक समाचार पत्र की रिपोर्ट के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने लैंफेल स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के सामने कुमार के पुतले जलाए और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिसकर्मियों ने आंसू गैस के कुछ गोले दागे।

उन्होंने कुमार की गिरफ्तारी की भी मांग की और उनके कार्यकाल के दौरान लिए गए फैसलों तथा मतदाता सूची में किए गए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की।


जम्मू में कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया

जम्मू में कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन के दौरान शुक्रवार को पार्टी के कई कार्यकर्ताओं और नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। कांग्रेस सांसद एवं पार्टी महासचिव डॉ. सैयद नासिर हुसैन ने इस विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व किया, जिसमें पूर्व मंत्रियों और पूर्व विधायकों समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने जम्मू में निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश करते हुए कुमार के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका।

प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए आयोग के कार्यालय के आसपास पुलिस और अर्द्धसैनिक बल की भारी तैनाती की गई थी। सुरक्षाकर्मियों के साथ प्रदर्शनकारियों की झड़प भी हुई, जिसके बाद कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया।

क्या है पूरा मामला?

यह घटनाक्रम एक अंग्रेजी दैनिक की उस रिपोर्ट के बाद सामने आया, जिसमें कहा गया था कि निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार उन फैसलों और आदेशों पर रिकॉर्ड में आपत्ति जताई थी, जिनके बारे में उनका कहना था कि वे उनकी जानकारी के बिना जारी किए गए थे। यह उस समय हुआ, जब एसआईआर को देशभर में लागू करने की निगरानी पूरा आयोग कर रहा था।

रिपोर्ट के अनुसार, उनकी आपत्तियां वैधानिक मतदाता पंजीकरण फॉर्म-6 में किए गए बदलावों के तरीके, मतदाता सूचियों में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया तथा मतदाता सूची डेटाबेस पर केंद्रीकृत नियंत्रण से जुड़ी थीं।

एसआईआर प्रक्रिया को लेकर अपने दो आयुक्तों की ओर से उठाए गए सवालों के कारण आलोचना का सामना कर रहे चुनाव आयोग ने कहा कि किसी भी संस्था में विचार-विमर्श के दौरान अलग-अलग राय और टिप्पणियां आना सामान्य प्रक्रिया है।

आयोग ने कहा कि उसके सभी आदेशों को पूरा कानूनी समर्थन प्राप्त है और वे निर्धारित वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हैं।

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए