कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में CJP प्रतिनिधिमंडल की सरकार के साथ बैठक आज, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत कई मुद्दों पर होगी बात
सीजेपी पिछले कई दिनों से कथित परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ जवाबदेही की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर धरना दे रही है। पार्टी ने बताया कि सरकार ने सरकारी कार्यालयों के बजाय तटस्थ स्थान पर वार्ता की उसकी मांग स्वीकार कर ली है।

नीट पेपर लीक मुद्दे पर जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार यानी आज केंद्र सरकार के मंत्रियों से मुलाकात करेगा। केंद्र सरकार द्वारा तटस्थ स्थान पर बातचीत के लिए सहमति दिए जाने के बाद यह बैठक आयोजित की जा रही है।
सीजेपी पिछले कई दिनों से कथित परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ जवाबदेही की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर धरना दे रही है। पार्टी ने बताया कि सरकार ने सरकारी कार्यालयों के बजाय तटस्थ स्थान पर वार्ता की उसकी मांग स्वीकार कर ली है। बैठक कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित होगी।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी सीजेपी
इस बैठक को लेकर सीजेपी सदस्य सौरभ दास ने कहा, चर्चा के लिए बुलाया गया है। हमें बहुत खुशी है कि सरकार ने हमारी इस मांग को मान लिया है कि बातचीत किसी तटस्थ स्थान पर हो। इसके लिए कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया को चुना गया है।
पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है और उनका कहना है कि नीट पेपर लीक विवाद से निपटने के तरीके के लिए शिक्षा मंत्री जिम्मेदार हैं। मंत्री के इस्तीफे के साथ-साथ सीजेपी ने भविष्य में ऐसी अनियमितताओं को रोकने के लिए देश की शिक्षा और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की भी मांग की है।
छात्रों की मांगें पूरी हुए बिना मंत्रियों के हाथों जूस पीकर वांगचुक ने तोड़ा अनशन
उधर, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने 26 दिनों से जारी अपना अनशन खत्म कर दिया है। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और पूर्व बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के हाथों जूस पीकर अपनी भूख हड़ताल तोड़ दी। यह जानकारी खुद वांगचुक ने अपने एक्स हैंडल के जरिए दी और तस्वीरें भी शेयर की है।
उन्होंने लिखा, "अभी-अभी केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा एवं डॉ. जितेंद्र सिंह तथा लेह-लद्दाख के एपेक्स बॉडी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में मैंने 26 दिनों के बाद अपना उपवास तोड़ा। इससे पहले विभिन्न राजनीतिक दलों के 65 सांसदों ने या तो मुझसे मिलकर या पत्र लिखकर अनशन तोड़ने की अपील की थी। यह फैसला विभिन्न शर्तों पर लंबी वार्ता के बाद और देश में संभावित हिंसा को देखते हुए लिया गया है।" यहां पढ़ें पूरी खबर
CJP Protest: आज भी बंद है दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशन
वहीं, राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन का असर लगातार तीसरे दिन भी दिल्ली मेट्रो सेवाओं पर देखने को मिल रहा है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने शुक्रवार को भी 17 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया है। ये स्टेशन शुक्रवार सुबह 7:30 बजे से बंद हैं। हालांकि, यात्रियों के लिए राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी।
आज ये 17 मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद
DMRC के अनुसार, जिन स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद किया गया है, उनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, ITO, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान शामिल हैं। यहां पढें पूरी खबर
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
