कांग्रेस वंदे मातरम् का वही संस्करण गाती है, जो महात्मा गांधी और पटेल ने तय किया था: खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने मोदी सरकार और बीजेपी पर ध्रुवीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस वंदे मातरम् का वही संस्करण गाती है, जो महात्मा गांधी और सरदार पटेल समेत राष्ट्रीय नेताओं ने तय किया था।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार और बीजेपी पर "ध्रुवीकरण की राजनीति" करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस वंदे मातरम् का वही संस्करण गाती है, जो महात्मा गांधी तथा सरदार वल्लभभाई पटेल समेत राष्ट्रीय नेताओं ने तय किया था। उन्होंने सवाल किया कि क्या वंदे मातरम् के छोटे संस्करण को तय करने वाले राष्ट्रीय नेता भी "राष्ट्रविरोधी" थे।
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष खड़गे ने कलबुर्गी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की एक टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए यह बात कहा, जिसमें उन्होंने कहा था कि वंदे मातरम् के केवल दो अंतरे गाने का कांग्रेस का फैसला "राष्ट्रविरोधी" है और ऐसा कानून की अनदेखी करते हुए अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए किया गया है।
अगर इतिहास पढ़ेंगे, तो आपको पता चलेगा
खड़गे ने शाह को करारा जवाब देते हुए कहा, "अगर आप इतिहास पढ़ेंगे, तो आपको पता चलेगा। पंडित नेहरू, महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस और वल्लभभाई पटेल ने मिलकर वंदे मातरम् के अंतरों की संख्या छह से घटाकर दो करने का फैसला किया था और कहा था कि यह देश के लिए बेहतर है। 1937 तक हमें आजादी नहीं मिली थी। उन सभी ने मिलकर यह फैसला किया और हम सभी 90 वर्ष से यही संस्करण गाते रहे हैं।"
मोदी ने सीएम और पीएम रहते अब तक क्यों नहीं गाया
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान सवाल किया कि जब 90 वर्ष से कोई समस्या नहीं थी, तो अब यह मुद्दा क्यों उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा, "आप (मोदी) गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब आपने इसे क्यों नहीं गाया? अब आपको प्रधानमंत्री बने 11-12 साल हो गए हैं, तो आपने अब तक इस मुद्दे पर कुछ क्यों नहीं किया था? कई राज्यों में आपकी बीजेपी की सरकारें हैं और आपके मुख्यमंत्री हैं, तो आपने वहां ऐसा क्यों नहीं किया? जब भी आपका मन होता है, आप नए मुद्दे ले आते हैं।"
इसे भी पढ़ेंः 'तीन महीने में 40% महंगी हुई चीनी', खड़गे ने मोदी सरकार से पूछा- इस महंगाई की मार के लिए कौन जिम्मेदार है?
वे देश में ध्रुवीकरण की राजनीति कर रहे हैं
कांग्रेस प्रमुख खड़गे ने बीजेपी को घेरते हुए पूछा, "आप (मोदी/बीजेपी) ने भी वर्षों तक इसे नहीं गाया, तो क्या आप भी देशद्रोही हैं? वे देश में ध्रुवीकरण की राजनीति कर रहे हैं। यह अच्छा नहीं है, देश के लिए अच्छा नहीं है। हम रहें या न रहें, यह देश स्थायी है। इस देश, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है।”
इसे भी पढ़ेंः CWC में खड़गे बोले- सरकार ने युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया, हमें ‘शिक्षा-से-रोजगार रोडमैप’ तैयार करना है
