कोरोना लॉकडाउन: यूपी के औरैया में भीषण सड़क हादसा, दो ट्रकों के टक्कर में 24 मजदूरों की दर्दनाक मौत, कई घायल

उत्तर प्रदेश के औरैया में भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में 24 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 22 से ज्यादा मजदूर घायल हैं जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

विनय कुमार

देश भर में कोरोना वायरस का कहर जारी है। इस महामारी को देखते हुए देश में लॉकडाउन भी जारी है। इस लॉकडाउन के चलते सबसे ज्यादा परेशान प्रवासी मजदूर अपने घरों को लौटने के लिए मजबूर हैं। लेकिन प्रवासी मजदूर लगातार सड़क हादसों के शिकार हो रहे हैं। अब उत्तर प्रदेश के औरैया में भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में 24 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 22 से ज्यादा मजदूर घायल हैं जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि 15 प्रवासी मजदूरों की हालत गंभीर है।

औरैया के सीएमओ अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि 24 लोग मृत लाए गए थे, 22 लोग भर्ती हैं। जिन 15 लोगों की हालत गंभीर हैं, उन्हें सैफई पीजीआई रेफर किया गया है। ये लोग राजस्थान से बिहार, झारखंड की तरफ जा रहे थे।

वहीं ओरैया के डीएम अभिषेक सिंह ने बताया, “सुबह 3:30 बजे का हादसा है, इसमें 23 लोगों की मौत हुई है। 20 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ज्यादातर लोग बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के हैं।”


इस घटना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया है। उन्होंने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। इस बात की जानकारी अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने दी। मुख्यमंत्री योगी ने पीड़ितों को हर संभव राहत प्रदान करने के साथ-साथ सभी घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि देश में कोरोना वायरस महामारी संकट के चलते 24 मार्च से लॉकडाउन लागू है। लॉकडाउन के कारण देश में यातायात सेवाएं ठप हैं। इसलिए प्रवासी मजदूरों की परेशानी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। बीते दिनों मध्य प्रदेश के गुना जिले में शुक्रवार रात हुई सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई थी ये मजदूर महाराष्ट्र से यूपी जा रहे थे। यही नहीं, इस सड़क दुर्घटना में 14 लोग बुरी तरह से जख्मी भी हो गए थे।

इसे भी पढ़ें: #Lockdown4.0 : कौन से राज्य चाहते हैं इसे जारी रखना, और किन राज्यों ने दिए हैं इसे खत्म करने के सुझाव !

लॉकडाउन 4.0 सोमवार से, दिशा-निर्देशों को अंतिम रूप देने में जुटा गृह मंत्रालय, राज्यों के सुझाव पर भी विचार

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 16 May 2020, 8:54 AM