लोकसभा सीट 850 करने के पीछे बीजेपी की खतरनाक साजिश, भारत को तानाशाही में बदलना मकसदः राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी भारत के चुनावी मानचित्र का नक्शा अपने हिसाब से बनाना चाहती है। ये 850 जो नंबर है वो देश के भविष्य को, जेन-जी को खत्म करने का प्लान है। इसके जरिये बीजेपी चुनाव से पहले बिना प्रचार के, बिना मेहनत के फायदे में रहेगी।

लोकसभा सीट 850 करने के पीछे बीजेपी की खतरनाक साजिश, भारत को तानाशाही में बदलना मकसदः राहुल गांधी
i

राहुल गांधी ने लोकसभा सीटें बढ़ाकर 850 करने के पीछे बीजेपी की बड़ी साजिश

बीजेपी इसके जरिये भारत को तानाशाही में बदलना चाहती है, हम नहीं बदलने देंगे

यह भारत के लोकतंत्र को खत्म करने वाला और उसकी हत्या करने वाला कदम है

महिला आरक्षण पहले से ही पास, आज से ही मौजूदा संख्या पर लागू किया जाए

राहुल गांधी ने प्रस्तावित परिसीमन को लेकर कहा कि लोकसभा सीटें बढ़ाकर 850 करने के पीछे बीजेपी की बड़ी साजिश है। उन्होंने कहा कि बीजेपी इसके जरिये देश के चुनावी मानचित्र को अपने हिसाब से बदलकर भारत को तानाशाही में बदलना चाहती है। लेकिन हम देश को तानाशाही में बदलने नहीं देंगे।

भारत के लोकतंत्र को खत्म करने वाला कदम

राहुल गांधी ने कहा कि परिसीमन के नाम पर लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करना भारत के लोकतंत्र को खत्म करने वाला और उसकी हत्या करने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि लोकसभा की सीटों की संख्या 543 ही रखी जाए। महिला आरक्षण आज से ही मौजूदा संख्या पर लागू किया जाए।

ज्ञानेश कुमार इसमें भी साझेदार

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 2024 के चुनाव में जिन 14 करोड़ लोगों ने वोट दिया था, उन्हें चुनाव आयोग ने अवैध वोटर बताया है। ऐसे में 2024 का चुनाव अवैध था। देश में कई सालों से वोट चोरी हो रही है। ज्ञानेश कुमार इसमें साझेदार हैं। हम ज्ञानेश कुमार पर और खुलासे करेंगे। हम उन्हें नहीं छोड़ेंगे। हमारे पास ज्ञानेश कुमार के बारे में काफी जानकारी है और वह बचने वाला नहीं है।

बीजेपी देश के चुनावी मानचित्र का नक्शा बदलना चाहती है

उन्होंने कहा कि हमने जब वोट चोरी और ज्ञानेश कुमार पर खुलासा किया तो अब बीजेपी परिसमीन के जरिये वोट चोरी का नया रास्ता बना रही है। बीजेपी भारत के चुनावी मानचित्र का नक्शा अपने हिसाब से बनाना चाहती है। 850 जो नंबर है वो देश के भविष्य को, जेन-जी को खत्म करने का प्लान है। इसके जरिये बीजेपी चुनाव से पहले बिना प्रचार के, बिना मेहनत के फायदे में रहेगी। असम और जम्मू-कश्मीर इसका उदाहरण हैं। वहीं चीज ये पूरे देश में करना चाहते हैं।


आयोग पर मोदी और अमित शाह का नियंत्रण होगा

राहुल गांधी ने कहा कि अब सवाल उठता है कि ये करेगा कौन। परिसीमन आयोग में एक सुप्रीम कोर्ट का जज होगा, जिसे नरेंद्र मोदी और अमित शाह चुनेंगे। दूसरा ज्ञानेश कुमार होगा। और तीसरे मेंबर को ज्ञानेश कुमार चुनेगा। इस तरह से परिसीमन आयोग पर नरेंद्र मोदी और अमित शाह का नियंत्रण होगा। ज्ञानेश कुमार ने पहले आपका वोट नष्ट कर दिया और अब देश का चुनावी मानचित्र बदल देगा।

एससी-एसटी की सीट 40 साल के लिए वही की वही रहेंगी

सामाजिक न्याय की बात करें तो इस परिसीमन के लिए 2011 के जनगणना को आधार बनाया जाएगा। इस तरह एससी-एसटी की सीटें 40 साल के लिए वहीं की वही रहेंगी। इनकी संख्या बढ़ेगी, लेकिन सीटें नहीं बढ़ेंगी। इसी तरह जाति जनगणना का हाल भी होगा। इस तरह इस परिसीमन के जरिये बीजेपी एससी-एसटी, ओबीसी, अल्पसंख्यक के अधिकारों को खत्म करना चाहती है।

परिसीमन के जरिये अपने बचने का प्लान तैयार किया

इस मामले में कई लोग कह रहे हैं कि हर राज्य को प्रतिनिधित्व मिल रहा है। बीजेपी को परिसीमन से, जाति जनगणना से, महिला आरक्षण से कोई लेना-देना नहीं है। वे 2024 का लोकसभा चुनाव हारे हैं। वे वाराणसी का चुनाव हारे हैं। वोट चोरी हुई है। हमने उस पर खुलासा किया और उस रास्ते को बंद कर दिया तो अब इन लोगों ने परिसीमन के जरिये अपने बचने का प्लान तैयार किया है।

परिसीमीन जेन-जी के भविष्य को खत्म कर देगा

राहुल गांधी ने विशेष तौर पर युवाओं और जेन-जी को संबोधित करते हुए कहा कि यह परिसीमीन उनके भविष्य को खत्म कर देगा। उन्होंने कहा कि ये पूरा देश अडानी को दे देंगे। ये देश में तानाशाही लाना चाहते हैं। देश के लोकतंत्र की हत्या करना चाहते हैं। लेकिन हम देश में तानाशाही नहीं लाने देंगे।


यह लड़ाई देश को बचाने की है

राहुल गांधी डीएमके और शरद पवार की पार्टी के रुख पर पूछे गए सवाल पर कहा कि यह लड़ाई देश को बचाने की है। यह हमारे और उनके साइड की बात नहीं है। मैं सभी से आग्रह कर रहा हूं। चंद्रबाबू नायडू से, जगनमोहन रेड्डी से सभी से आग्रह कर रहा हूं कि आप देश को बचाने के लिए आगे आएं। लेकिन मैं ये कहना चाहता हूं कि बीजेपी चाहे जो कर ले, कितने भी चुनाव चुरा ले, एक न एक दिन वे हारेंगे। क्योंकि लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है और नरेंद्र मोदी को ये बात समझ नहीं आ रही है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए