दिल्ली-एनसीआर में गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, बरसती आग से तापमान पहुंचा 48 के पार, जानिए किस दिन मिलेगी राहत

दिल्ली में इस बार गर्मी का रिकॉर्ड टूट गया है, मौसम विभाग के मुताबिक पहली बार जून महीने में दिल्ली में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। आजतक कभी भी जून महीने में दिल्ली में अधिकतम तापमान इस स्तर तक नहीं पहुंचा है।

फोटो: सोशल मीडिया 
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

दिल्ली में गर्मी ने सोमवार को सारे रिकॉर्ड तोड़ दिये और पालम स्थित मौसम निगरानी केंद्र पर तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो जून महीने में अब तक सर्वाधिक है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को भी दिल्ली गर्मी का प्रकोप बना रह सकता है, कई जगहों पर लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।

दिल्ली में सोमवार को गर्मी से लोगों के पसीने छूट गये और पारा पहली बार 48 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली के पालम इलाके में स्थित मौसम निरीक्षण केंद्र पर अधिकतम तापमान आज 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से आठ डिग्री अधिक है। विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि यह पालम में अब तक दर्ज सर्वाधिक तापमान है। जून महीने का पिछला रिकॉर्ड 09 जून 2014 को 47.8 डिग्री सेल्सियस रहा था। पालम में न्यूनतम तापमान आज 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है।


इससे पहले रविवार को भी तापमान ने 5 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। 44 डिग्री तापमान और लू के थपेड़ों से लोग बेहाल दिखाई दिए थे। तापमान में बढ़ोतरी के कारण रविवार को दिल्ली में औरेंज अलर्ट जारी किया गया। भीषण गर्मी की चेतावनी देते हुए मौसम विभाग ने सोमवार के लिए रेड अलर्ट घोषित किया था।

वहीं रविवार को दिल्ली के पालम और आयानगर मानक केंद्र पर अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं, जाफरपुर केंद्र पर अधिकतम पारा 45.6 डिग्री, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स केंद्र पर 45.5 डिग्री, रिज केंद्र पर 44.9 डिग्री, मुंगेशपुर और नजफगढ़ केंद्र पर 44.4 डिग्री और लोधी रोड मानक केंद्र पर 44.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था।


आसमान से बरसती आग से बचने के लिए अब हर किसी को बारिश का इंतजार है। मॉनसून ने केरल में दस्तक दे दी है और वहां पर तटीय क्षेत्रों में बरसात भी हो रही है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि जून के अंत या फिर जुलाई की शुरुआत में दिल्ली तक भी मॉनसून पहुंच सकता है।

इसे भी पढ़ें: दिल्ली में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट, आज होंगे और बुरे हालात, संडे को तापमान ने तोड़ा 5 साल का रिकॉर्ड

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia