दिल्ली में भारी बारिश, कई इलाकों में जलभराव, IMD का रेड अलर्ट, लोगों से सतर्क रहने की अपील

दिल्ली में तेज बारिश के बीच IMD ने रेड अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में जलभराव, नोएडा-गाजियाबाद में भी भारी बारिश और लोगों से सतर्क रहने की अपील।

फोटो: सोशल मीडिया
i

देश की राजधानी दिल्ली में तेज बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। लगातार हो रही बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। भारी बारिश की वजह से राजधानी के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि दिल्ली-एनसीआर के नोएडा और गाजियाबाद में भी सुबह के बाद से तेज बारिश का दौर जारी है। बारिश के चलते दिल्ली के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।

सदर बाजार, पार्लियामेंट और मंडी हाउस समेत कई इलाके जलमग्न

कई दिनों के इंतजार के बाद दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून की जोरदार बारिश हुई, लेकिन इसके साथ ही जलभराव की समस्या भी सामने आ गई। राजधानी के सदर बाजार, पार्लियामेंट और मंडी हाउस समेत कई इलाकों में भारी बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया। सदर बाजार में हालात ऐसे रहे कि थोड़ी देर की बारिश में ही सड़कें दरिया जैसी नजर आने लगीं। दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में भी तेज बारिश दर्ज की गई। एक ओर बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी, तो दूसरी ओर जलभराव ने आवाजाही को प्रभावित किया।


कुछ घंटों तक भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी

इससे पहले भी मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई थी। सुबह से ही दिल्ली के आसमान पर काले बादल छाए रहे और मध्यम से भारी बारिश होती रही। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक राजधानी में बादल छाए रहने, भारी बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। विभाग ने यह भी कहा है कि इस दौरान कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। इसी वजह से लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और पूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

सफदरजंग में 32.4 मिमी बारिश, तापमान भी सामान्य से नीचे

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक सफदरजंग में 32.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा रिज में 37.6 मिमी, लोदी रोड में 36.7 मिमी, आयानगर में 4.0 मिमी और पालम में 0.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं सोमवार को सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच रिज में 19.4 मिमी, लोदी रोड में 11.5 मिमी, सफदरजंग में 8.0 मिमी और आयानगर में 3.8 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि पालम में इस दौरान बारिश नहीं हुई। लगातार बारिश के असर से सफदरजंग का न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए