ईडी ने न्यूजक्लिक और उसके प्रधान संपादक पर 184 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया

ईडी ने सबसे पहले सितंबर 2021 में राष्ट्रीय राजधानी के सैदुलजाब इलाके में स्थित न्यूजक्लिक परिसर में धनशोधन के आरोपों में छापेमारी की थी। न्यूजक्लिक के खिलाफ यह कार्रवाई मोदी सरकार के खिलाफ लगातार आलोचनात्मक खबरें दिखाने के बाद हुई थी।

ईडी ने न्यूजक्लिक और उसके प्रधान संपादक पर 184 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया
i
user

नवजीवन डेस्क

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने समाचार पोर्टल ‘न्यूजक्लिक’ और उसके प्रधान संपादक प्रबीर पुरकायस्थ पर फेमा के तहत 184 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को ‘पीटीआई’ को बताया कि आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पोर्टल के स्वामित्व वाली कंपनी ‘पीपीके न्यूजक्लिक स्टूडियो प्राइवेट लिमिटेड’ पर 120 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जबकि पुरकायस्थ पर कथित उल्लंघनों के लिए 64 करोड़ रुपये का जुर्माना किया गया है।

ईडी सूत्रों ने कहा कि इन्हें विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए पाया गया है, मुख्य रूप से दो मामलों में- प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) निधियों का गलत विवरण देने के साथ-साथ सेवाओं और निर्यात की गलत घोषणा। इस घटनाक्रम पर ‘न्यूजक्लिक’ से अभी प्रतिक्रिया नहीं मिली है।


ईडी ने सबसे पहले सितंबर 2021 में राष्ट्रीय राजधानी के सैदुलजाब इलाके में स्थित न्यूजक्लिक परिसर में धनशोधन के आरोपों में छापेमारी की थी। एजेंसी ने इस मामले में पुरकायस्थ समेत 25 से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए हैं। न्यूजक्लिक के खिलाफ यह कार्रवाई बीजेपी के संस्थान पर आरोप लगाने के बाद हुई थी।

बीजेपी ने 2023 में ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ अखबार के एक समाचार का हवाला देते हुए पोर्टल और उसके प्रवर्तकों पर कदाचार का आरोप लगाया था। लेख में कहा गया था कि यह पोर्टल एक वैश्विक नेटवर्क का हिस्सा है जिसे अमेरिकी अरबपति नेविल रॉय सिंघम से वित्त पोषण प्राप्त होता है, जो कथित तौर पर चीनी सरकार के मीडिया तंत्र के साथ मिलकर काम करते हैं।

इसे भी पढ़ेंः न्यूजक्लिक के प्रधान संपादक प्रबीर पुरकायस्थ समेत दो गिरफ्तार, लंबी पूछताछ के बाद बाकी पत्रकारों को छोड़ा गया


साल 2009 में स्थापित इस पोर्टल की वेबसाइट पर लिखा है कि यह एक स्वतंत्र मीडिया संगठन है जो भारत और अन्य जगहों से प्रगतिशील आंदोलनों पर ध्यान केंद्रित करते हुए समाचारों को कवर करने के लिए समर्पित है। बीजेपी के आऱोपों के बाद कई केंद्रीय एजेंसियों ने न्यूजक्लिक पर छापेमारी की थी और इसके प्रधान संपादक प्रबीर पुरकायस्थ को गिरफ्तार किया गया था।

इसे भी पढ़ेंः न्यूजक्लिक द्वारा FCRA के कथित उल्लंघन की जांच के लिए CBI ने दर्ज किया मामला, दिल्ली में दो स्थानों पर ली तलाशी

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia