चुनाव आयोग देश की आबादी कम करके 50 करोड़ कर देगा, केजरीवाल ने दिल्ली में 47 लाख वोटर के नाम कटने पर बोला हमला

अरविंद केजरीवाल ने एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने मतदाता सूची से इतनी बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने को गंभीर मुद्दा बताते हुए इस पर सवाल खड़े किए।

चुनाव आयोग देश की आबादी कम करके 50 करोड़ कर देगा, केजरीवाल ने दिल्ली में 47 लाख वोटर के नाम कटने पर बोला हमला
i

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को दिल्ली में एसआईआर के तहत जारी मसौदा मतदाता सूची में 47 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए जाने पर तंज कसते हुए आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग देश की आबादी 140 करोड़ से घटाकर 50 करोड़ कर देगा। दिल्ली में एसआईआर के तहत जारी की गई मसौदा मतदाता सूची में राज्य के हर तीन में से एक मतदाता का नाम शामिल नहीं है।

चुनाव आयोग देश की आबादी 50 करोड़ कर देगा

अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, "एसआईआर के तहत दिल्ली की मसौदा मतदाता सूची जारी कर दी गई है। 1.5 करोड़ मतदाताओं में से 47 लाख मतदाताओं के नाम गायब हैं। केंद्र सरकार बेवजह आबादी को लेकर चिंतित है। एसआईआर के जरिए निर्वाचन आयोग हमारे देश की आबादी 140 करोड़ से घटाकर 50 करोड़ कर देगा।"

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने मतदाता सूची से इतनी बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने को गंभीर मुद्दा बताते हुए इस पर सवाल खड़े किए।


सौरभ भारद्वाज का बीजेपी और चुनाव आयोग पर हमला

वहीं, 'आप' नेता सौरभ भारद्वाज ने भी मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर बीजेपी और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार और भारत का चुनाव आयोग एक ‘लतीफा’ बनकर रह गया है। भारद्वाज ने सवाल उठाया कि जिस दिल्ली की जनता ने बीजेपी को लगातार तीन बार सात-सात लोकसभा सीटों पर जीत दिलाई और करीब डेढ़ साल पहले दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनाने में भूमिका निभाई, आज उसी दिल्ली की जनता के एक बड़े हिस्से के वोट पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

बीजेपी सरकार ‘गरीब भगाओ’ योजना चला रही है

उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार दिल्ली में ‘गरीब भगाओ’ योजना चला रही है। उनके मुताबिक, गरीबों को मिलने वाली सुविधाओं को लगातार खत्म किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि अस्पतालों में गरीबों का मुफ्त इलाज प्रभावित हुआ है, दवाओं की उपलब्धता बंद की गई है और मोहल्ला क्लीनिक तथा जांच सुविधाओं को भी बंद किया गया है। उन्होंने महिलाओं के लिए बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा बंद करने का भी आरोप लगाया। 'आप' नेता ने कहा कि महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए देने का वादा किया गया था, लेकिन अभी तक केवल करीब 4 हजार महिलाओं का ही चयन किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों के घरों और झुग्गियों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं तथा रोजी-रोटी कमाने वाले लोगों के कामकाज पर भी कार्रवाई की जा रही है।


चुनाव में जनता बीजेपी को जवाब देगी

सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सरकार की नीति गरीबों को दिल्ली से बाहर करने, उनके वोट काटने और केवल संपन्न इलाकों के मतदाताओं के सहारे सरकार चलाने की है। उन्होंने कहा कि गरीबों के अधिकारों को छीनने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने युवाओं का जिक्र करते हुए भाजपा पर राजनीतिक रूप से लोगों को बरगलाने का आरोप लगाया। भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली के युवाओं को बहकाना आसान नहीं है और आने वाले चुनाव में जनता बीजेपी को जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची से कितने भी लोगों के नाम काट दिए जाएं, अगले चुनाव में दिल्ली की जनता बीजेपी को सत्ता से बाहर कर देगी।

इसे भी पढ़ेंः महाराष्ट्र-दिल्ली में SIR की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, दिल्ली में 47 लाख तो महाराष्ट्र 2 करोड़ से ज्यादा नाम कटे

दिल्ली में एसआईआर का मसौदा सूची जारी

राजधानी दिल्ली में एसआईआर के तहत 30 जून से शुरू होकर 17 अगस्त तक चले घर-घर गणना अभियान के दौरान मिले और डिजिटलीकृत किए गए गणना प्रपत्रों के आधार पर मसौदा सूची में करीब 97.5 लाख मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं। इस प्रक्रिया के दौरान दिल्ली के कुल 1,45,10,299 मतदाताओं में से करीब 67.22 प्रतिशत के प्रपत्रों को डिजिटलीकृत किया गया। शेष करीब 47 लाख मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, दोहरे नाम और अन्य (एएसडीडीओ) श्रेणी में रखा गया है और उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं किया गया है।

इसे भी पढ़ेंः फिर शर्मसार हुई दिल्ली! स्लीपर बस में 16 साल की लड़की से गैंगरेप, 47km तक दरिंदगी, आरोपी ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए