शिवराज सरकार में परेशान किसान ने की खुदकुशी, कर्ज के चलते बेटे को रखना पड़ा था गिरवी

मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में 3 दिन पहले किसान के खुदकुशी मामले में हैरान करने वाला खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि किसान ने कर्ज के लिए अपने बेटे को डेढ़ लाख रुपए में गिरवी रखा था। 

फोटो: सोशल मीडिया 
i
user

आईएएनएस

google_preferred_badge

शिवराज सरकार में किसानों की खुदकुशी का सिलसिला लगातार जारी है। बुरहानपुर जिले में कर्ज से परेशान एक किसान के आत्महत्या करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस का आरोप है कि किसान ने सूदखोर से कर्ज लेकर बेटे को गिरवी रखा था और जब वह उसमें नाकाम रहा, तो उसने जान दे दी।

कांग्रेस कार्यालय में प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ की मौजूदगी में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सूदखोरों के खिलाफ कानून बनाने का प्रस्ताव 7 साल पहले तैयार किया, जिस पर अब तक अमल नहीं हुआ, उसी का नतीजा है कि किसान कारकुंडा ने बुरहानपुर के भोलना गांव में कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली।

उन्होंने कहा कि सामने जो बात आई है, वह राज्य को कलंकित करने वाली है, क्योंकि उसने एक सूदखोर से कर्ज लेकर अपने बेटे को गिरवी रखा था और उसे वह छुड़ा नहीं पाया। इससे परेशान होकर उसने 3 दिन पहले आत्महत्या की।

बुरहानपुर के पुलिस अधीक्षक पंकज श्रीवास्तव ने इस बात को साफ नकार दिया कि किसान ने बेटे को गिरवी रखकर कर्ज लिया था और उसे छुड़ा न पाने पर आत्महत्या कर ली। जो कहा जा रहा है, वह एकतरफा बात है।

गांव के सरपंच ओमराज वावस्कर ने बताया है कि यह सही है कि कारकुंडा पर सोसायटी का डेढ़ लाख रुपये का कर्ज था। उसी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया है।

पिछले साल प्रदेश के कई इलाकों में सूखा पड़ने के कारण भी कई जगहों पर किसानों के आत्महत्या की थी। राज्य में लगातार किसानों की खुदकुशी को लेकर कांग्रेस ने सीएम शिवराज और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि कर्ज के बोझ से दबा यहां का किसान आत्महत्या कर रहा है। लेकिन अमित शाह राज्य सरकार और मुख्यमंत्री को किसान हितैषी बता रहे हैं, यह किसानों के साथ भद्दा मजाक है।

इसे भी पढ़ें: शिव ‘राज’ में किसान आत्महत्या के मामले में देश में तीसरे नंबर पर मध्यप्रदेश: कमलनाथ

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 07 May 2018, 9:50 AM