'ईरान पर हमले से भारत में हिंसा भड़कने का डर', गृह मंत्रालय ने राज्यों को लिखा पत्र, अलर्ट रहने को कहा
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। 28 फरवरी को जारी पत्र में कहा गया है कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के प्रभाव भारत में भी दिखाई दे सकते हैं।

ईरान पर अमेरिका और इज़रायल की लगातार सैन्य कार्रवाई जारी है। राजधानी तेहरान सहित कई बड़े शहरों में भीषण हमलों की खबरें सामने आ रही हैं। तेहरान में भारी तबाही की सूचना है। इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई समेत कई शीर्ष सैन्य और राजनीतिक नेताओं की मौत हुई है।
इन घटनाओं के बाद ईरान में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। ईरान ने इज़रायल समेत कई देशों पर मिसाइल और ड्रोन हमलों का दावा किया है। साथ ही, अलग-अलग देशों में भी खामेनेई की मौत के विरोध में प्रदर्शन हो रहे हैं।
गृह मंत्रालय की चेतावनी
भारत में हालात को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। 28 फरवरी को जारी पत्र में कहा गया है कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के प्रभाव भारत में भी दिखाई दे सकते हैं।
पत्र में राज्यों से अपील की गई है कि वे संभावित भड़काऊ भाषणों और उग्र गतिविधियों पर नजर रखें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम उठाएं। मंत्रालय ने विशेष रूप से संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ाने की बात कही है।
अब तक का सबसे बड़ा हमला?
अमेरिका और इज़रायल की ओर से यह दावा किया जा रहा है कि यह ईरान पर अब तक की सबसे बड़ी सैन्य कार्रवाई है। अमेरिकी पक्ष का कहना है कि हमलों में 40 से अधिक वरिष्ठ नेता और कमांडर मारे गए हैं।
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने एक वीडियो संदेश जारी कर ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि जब तक अमेरिका के रणनीतिक उद्देश्य पूरे नहीं हो जाते, कार्रवाई जारी रहेगी।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia