नेपाल में फ्लैश फ्लड, बिहार के कई जिलों में अलर्ट जारी, गंडक में आ सकती है 3 मीटर ऊंची बाढ़ की लहर

पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली समेत संवेदनशील जिलों में नदी के जलस्तर, तटबंधों और निचले इलाकों की लगातार निगरानी की जा रही है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की आशंका के बाद बिहार सरकार ने गंडक नदी से जुड़े जिलों में सतर्कता बढ़ा दी है। आशंका है कि गंडक नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ सकता है और करीब तीन मीटर ऊंची फ्लैश फ्लड वेव बिहार की ओर आ सकती है। स्थिति को देखते हुए बाढ़ से निपटने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

नेपाल के रसुवा, नुवाकोट, धादिंग, गोरखा, लमजुंग और तनहुं को गंडक कैचमेंट के हाई रिस्क जोन में रखा गया है। वहीं दोलखा और सिंधुपालचोक को कोसी कैचमेंट में उच्च जोखिम वाला क्षेत्र माना गया है। कोसी, बागमती और गंडक कैचमेंट के कई अन्य इलाकों में भी मध्यम जोखिम का अनुमान है।

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में बुधवार को हुई उच्चस्तरीय बैठक में नेपाल की स्थिति और बिहार पर इसके संभावित असर की समीक्षा की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबंधित जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारी बैठक में शामिल हुए। प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने और राहत-बचाव की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली समेत संवेदनशील जिलों में नदी के जलस्तर, तटबंधों और निचले इलाकों की लगातार निगरानी की जा रही है। जल संसाधन विभाग को गंडक बैराज के गेटों और नहरों के संचालन पर विशेष नजर रखने तथा पानी का सुरक्षित प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए