परिसीमन के बाद लोकसभा की तस्वीर समझकर राज्य हुए सतर्क, सीटों की संख्या की निष्पक्षता पर उठाए सवाल
परिसीमन विधेयक के जरिए भले ही लोकसभा में सीटों की संख्या में एक समान 50 फीसदी की वृद्धि राज्यों के उसी प्रतिशत स्तर पर बने रखे, जिन पर अभी लोकसभा सीटें राज्यों को आवंटित हैं। लेकिन, असली तस्वीर सामने आने पर राज्यों की आवाज कमजोर हो जाएगी।

डीएमके, एनसीपी और टीडीपी जैसी पार्टियां फिलहाल परिसीमन विधेयक के इस प्रावधान से संतुष्ट नजर आ रही हैं कि 2051 तक उनके राज्यों का सीट अनुपात एक जैसा रहेगा
लेकिन, राज्यों के नेता और सांसद इस बात को उजागर कर रहे हैं कि इससे दक्षिणी और छोटे राज्यों की आवाज और प्रभाव कमजोर हो जाएगा
मौजूदा स्थिति में दक्षिणी राज्यों से लोकसभा के लिए 129 सांसद चुने जाते हैं, जबकि उत्तर के 10 हिंदी भाषी राज्यों से 225 सांसद चुने जाते हैं। अगर हर राज्य की सीटों में एक समान 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाती है, तो परिसीमन (डिलिमिटेशन) के बाद दक्षिणी राज्यों की सीटें बढ़कर 195 हो जाएंगी, जबकि हिंदी भाषी राज्यों की सीटें बढ़कर 340 हो जाएंगी। सीटों का मौजूदा अंतर 96 से बढ़कर 145 हो जाएगा। यानी, अभी उत्तरी राज्यों से 96 सांसद ज्यादा हैं, लेकिन परिसीमन के बाद लोकसभा में दक्षिणी राज्यों के मुकाबले उत्तरी राज्यों के 145 सांसद ज्यादा होंगे।
दक्षिणी और छोटे राज्यों के सांसद इस फॉर्मूले पर सवाल उठा रहे हैं। सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का विचार कहां से आया? 45 प्रतिशत या उससे कम क्यों नहीं? क्या यह कोई मनमाना आंकड़ा है, या फिर ऐसा आंकड़ा है जो सत्ताधारी पार्टी के अनुकूल है? अगर दक्षिण और छोटे राज्यों की तुलना में उत्तरी राज्यों को अधिक सीटें मिलती हैं, तो संसद में इसका क्या असर होगा? संसदीय समितियों के गठन, सांसदों को मिलने वाले समय और उनके राजनीतिक प्रभाव पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा?
सांसद नसीर हुसैन ने ट्वीट किया, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि जनसंख्या स्थिरीकरण नीतियों को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए कर्नाटक और अन्य दक्षिणी राज्यों को राजनीतिक कीमत क्यों चुकानी पड़े।"
उन्होंने कहा कि, “लोकसभा की सीटों में प्रस्तावित 50 प्रतिशत विस्तार से कर्नाटक की सीटें 28 से बढ़कर 42 हो जाएंगी, जबकि उत्तर प्रदेश की सीटें 80 से बढ़कर 120 हो जाएंगी। इस तरह दोनों राज्यों के बीच का अंतर 52 सीटों से बढ़कर 78 सीटों का हो जाएगा। सीटों में एक समान बढ़ोतरी से इस बढ़ते असंतुलन को दूर करने में कोई मदद नहीं मिलेगी। भारतीय संघ में समान राजनीतिक महत्व की मांग करने का कर्नाटक को पूरा अधिकार है। दक्षिण भारत के आर्थिक योगदान और विकास की उपलब्धियों के बदले संसद में उसकी आवाज़ को कमज़ोर करना, उनके साथ नाइंसाफी होगी।”
तमिलनाडु से भी ऐसे ही स्वर सुनाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने लिखा है कि, “तमिलनाडु में 39 लोकसभा सीटें हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में 80 हैं। अगर दोनों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाए, तो तमिलनाडु के पास लगभग 59 सीटें होंगी और उत्तर प्रदेश के पास 120...इस तरह तमिलनाडु को 20 सीटें मिलेंगी, जबकि उत्तर प्रदेश को 40 सीटें—यानी तमिलनाडु के मुकाबले दोगुनी।”
लोगों का कहना है कि निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन इस असंतुलन को और बढ़ा देगा, जिससे बीजेपी और उसके सहयोगियों को तमिलनाडु और अन्य दक्षिणी राज्यों में अपना विस्तार करने का मौका मिल जाएगा। उनका यह भी कहना है कि इससे संसद में तमिलनाडु की आवाज़ कमज़ोर पड़ सकती है, जबकि उत्तरी राज्यों का राजनीतिक प्रभाव और बढ़ जाएगा।
असम से आने वाले कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने भी कुछ ऐसी ही बातें कही हैं। उन्होंने ट्वीट पर एक पोस्ट में लिखा, “अभी असम में 14 सांसद हैं और यूपी में 80 सांसद हैं; यानी 66 सांसदों का अंतर है। परिसीमन के बाद असम में 21 सांसद होंगे, लेकिन यूपी में 120 सीटें हो जाएंगी और यह अंतर बढ़कर 99 सांसदों का हो जाएगा। इस अंतर का असर चर्चाओं, समितियों और संसदीय कामकाज पर पड़ेगा। यही बात दक्षिणी राज्यों के लिए भी लागू होती है। आखिर 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का यह आंकड़ा कहां से आया?”
ओडिशा में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भक्त चरण दास ने भी इस बात से सहमति जताई। दास ने ट्विटर पर लिखा, “आज ओडिशा में 21 सांसद हैं और यूपी में 80 सांसद। अंतर 59 सांसद। परिसीमन के बाद: ओडिशा में 31 सांसद होंगे जबकि यूपी में 120 सांसद। अंतर बढ़कर 89 सांसद हो जाएगा। यह अंतर 30 सांसदों से और बढ़ जाता है। इसका मतलब है कि संसदीय ताकत, बहसों पर प्रभाव और वोटिंग की शक्ति में असमानता और अधिक बढ़ जाएगी।”
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
