टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में चार और गिरफ्तार, दो महिलाएं भी शामिल, बताया कैसे मुंबई पहुंचा हथियार?
अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई में हुई फायरिंग के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के कुणाल और सुमित तथा उत्तर प्रदेश की राधा और बबीता के रूप में हुई है।

दिल्ली पुलिस ने टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में दो महिलाओं समेत चार लोगों को पकड़ा है। इनमें हरियाणा के दो और उत्तर प्रदेश की दो महिलाएं शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर अनिल पंडित के संपर्क में थे, जिस पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े होने का संदेह है।
जांच एजेंसियों का दावा है कि कुणाल और सुमित ने अमृतसर से पिस्टल और 20 कारतूस जुटाए थे, जबकि राधा और बबीता के जरिए हथियार मुंबई पहुंचाया गया।
गिरफ्तारी के बाद चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने महाराष्ट्र पुलिस को उन्हें मुंबई ले जाकर पूछताछ करने के लिए तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड दी है।
अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई में हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को महाराष्ट्र पुलिस के हवाले कर दिया गया। अदालत ने उन्हें तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाकर पूछताछ करने की अनुमति दी है।
हरियाणा और यूपी से हुई आरोपियों की गिरफ्तारी
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हरियाणा के सोनीपत निवासी कुणाल (21) और सुमित (19) शामिल हैं। इनके अलावा उत्तर प्रदेश की रहने वाली राधा (23) और बबीता (23) को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
मामले की जांच से जुड़े अधिकारी के मुताबिक, चारों आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(1)(b) के तहत अदालत में पेश किया गया था। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस के अपराध जांच विभाग (CID) ने आरोपियों की औपचारिक गिरफ्तारी और हिरासत की मांग की। अदालत से अनुमति मिलने के बाद पुलिस को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मिल गई।
गैंगस्टर अनिल पंडित के निर्देश पर कर रहे थे काम?
पुलिस को आशंका है कि आरोपी विदेश से गैंग संचालित करने वाले अनिल पंडित के संपर्क में थे और उसी के निर्देश पर काम कर रहे थे। अनिल पंडित की उम्र 32 साल बताई गई है। उसे लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का कथित सहयोगी भी माना जाता है।
जांच के अनुसार, सोनीपत का रहने वाला कुणाल जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद हरसाना गांव में अपने एक दोस्त के जरिए अनिल पंडित के संपर्क में आया था। इसके बाद दोनों के बीच एक एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप के माध्यम से बातचीत होने लगी।
पुलिस का दावा है कि पंडित के कहने पर कुणाल और सुमित ने अमृतसर से एक पिस्टल और 20 कारतूस की व्यवस्था की थी। इसके बाद हथियार को मुंबई पहुंचाने की योजना बनाई गई।
महिलाओं के जरिए मुंबई पहुंचाया गया हथियार
जांच एजेंसियों के मुताबिक, कुणाल ने राधा को अपनी गतिविधियों के बारे में जानकारी दी और उसे हथियार लेकर मुंबई जाने के लिए तैयार किया। 15 अक्टूबर को वह राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन छोड़ने गया था। बताया जा रहा है कि पिस्टल राधा के बैग में छिपाकर रखी गई थी।
यात्रा के दौरान कुणाल एक मैसेजिंग ऐप के जरिए दोनों महिलाओं के संपर्क में रहा और उन्हें अनिल पंडित के निर्देश पहुंचाता रहा। दोनों महिलाएं 17 अक्टूबर को मुंबई पहुंचीं और एक होटल में ठहरीं। अगले दिन सुबह करीब 11 बजे एक नाबालिग लड़के ने होटल के पास राधा से बैग ले लिया।
फायरिंग के बाद आरोपियों को भागने में मदद की योजना
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को शाम करीब सात बजे टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की घटना सामने आई। इसके बाद अनिल पंडित ने कथित तौर पर कुणाल को जानकारी दी कि गोली चलाने वाले लोग मुंबई में फंस गए हैं। उसने कुणाल से उनके भागने का इंतजाम करने को कहा।
इसके बाद राधा और बबीता 18 अक्टूबर को दादर-हरिद्वार एक्सप्रेस से मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। पुलिस ने मंगलवार को दोनों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, कुणाल और सुमित को हरियाणा के सोनीपत से पकड़ा गया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
