भारतीय लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने वालों को सजा दिलाएगा इंडिया गठबंधनः राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि आने वाले महीनों में विपक्ष देश में बड़े बदलाव लाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्य मुद्दा वोट चोरी का था। हर पार्टी का मानना है कि बीजेपी, पीएम मोदी, गृह मंत्री शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भारतीय लोकतंत्र पर हमला किया है।

भारतीय लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने वालों को सजा दिलाएगा इंडिया गठबंधनः राहुल गांधी
i

भारतीय लोकतंत्र देश के हर व्यक्ति और पद से बड़ा

इंडिया गठबंधन नुकसान पहुंचाने वालों को सजा दिलाएगा

विपक्षी दलों ने संविधान की सामूहिक रक्षा की जिम्मेदारी ली

आने वाले महीनों में विपक्ष देश में बड़े बदलाव लाएगा

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि इंडिया गठबंधन भारतीय लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने वालों को सजा दिलाना सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि इसमें शामिल लोगों का पद या वरिष्ठता मायने नहीं रखती, क्योंकि भारतीय लोकतंत्र देश के हर व्यक्ति से बड़ा है।

आने वाले महीनों में विपक्ष देश में बड़े बदलाव लाएगा

दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी दलों के नेताओं ने भारतीय संविधान की सामूहिक रूप से रक्षा करने की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले महीनों में विपक्ष देश में बड़े बदलाव लाएगा। राहुल गांधी ने कहा, "मुख्य मुद्दा वोट चोरी का था। हर पार्टी का मानना है कि बीजेपी, पीएम मोदी, गृह मंत्री शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने भारतीय लोकतंत्र पर हमला किया है।"

लोकतंत्र को नष्ट करने वाले लोगों को सजा दिलाएंगे

कांग्रेस नेता ने कहा, "यह इंडिया गठबंधन के सभी नेताओं की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता है कि हम भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करने वाले लोगों को सजा दिलाना सुनिश्चित करेंगे। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे कितने वरिष्ठ हैं या कौन हैं। भारतीय लोकतंत्र इस देश के हर व्यक्ति से बड़ा है।" उन्होंने कहा कि बैठक में यह भावना भी सामने आई कि विपक्ष जनता तक यह बात पहुंचाने में काफी हद तक सफल रहा है कि चुनावों में धांधली हो रही है और बीजेपी के नेताओं ने लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया है।


विपक्षी नेता भारतीय संविधान के सामूहिक रक्षक

राहुल गांधी ने कहा कि खासकर युवाओं के बीच एक नया प्रतिरोध देखने को मिल रहा है। युवाओं को लग रहा है कि देश में जो कुछ हो रहा है, वह गलत है और इसे रोका जाना चाहिए।उन्होंने कहा, "मैंने सभी विपक्षी नेताओं से यह भी कहा कि वे भारतीय संविधान के सामूहिक रक्षक हैं। हमारे लिए एक साथ काम करना सम्मान की बात है। हमें विश्वास है कि आने वाले कुछ महीनों में हम देश में गंभीर बदलाव लाएंगे।"

इसे भी पढ़ेंः चुनाव आयोग के खिलाफ सड़क पर उतरेगा इंडिया गठबंधन, खड़गे ने आंदोलन का किया ऐलान, राहुल और ममता ने क्या कहा?

इंडिया गठबंधन की बैठक में कई बड़े फैसले

इंडिया गठबंधन के प्रमुख नेताओं ने दिल्ली में बैठक कर चुनाव आयोग के पक्षपातपूर्ण रवैये के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन की रणनीति पर चर्चा की। इस बीच, कांग्रेस ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को वापस लेने की मांग दोहराई। पार्टी ने कहा कि देश में मतदान का अधिकार जनता का है। विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग के कामकाज पर सवाल उठाते हुए उसके दृष्टिकोण को त्रुटिपूर्ण और पक्षपातपूर्ण बताया। बैठक का उद्देश्य इन मुद्दों पर विपक्षी दलों को एकजुट करना और देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के लिए साझा रणनीति तैयार करना था।

इसे भी पढ़ेंः INDIA ब्लॉक की बैठक में खड़गे बोले- CEC को हटाया जाए, EVM की जगह बैलेट से हो मतदान, रखीं 6 मांगें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए