खड़गे का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, कहा- डराने-धमकाने के लिए कर रही यूनिवर्सिटीज का इस्तेमाल

खड़गे ने एक बार फिर मोदी सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि छात्र ज़मीनी स्तर पर संघर्ष कर रहे हैं, क्योंकि मोदी सरकार अब इन प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों का इस्तेमाल उन्हें डराने-धमकाने और प्रोपेगैंडा फैलाने के लिए कर रही है।

फोटोः सोशल मीडिया
i

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक बार फिर मोदी सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि छात्र ज़मीनी स्तर पर संघर्ष कर रहे हैं, क्योंकि मोदी सरकार अब इन प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों का इस्तेमाल उन्हें डराने-धमकाने और प्रोपेगैंडा फैलाने के लिए कर रही है। धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफ़ा लेने और शिक्षा व्यवस्था पर सार्थक चर्चा शुरू करने के बजाय, मोदी-शाह ने हमारे शिक्षण संस्थानों को बदनाम करने का रास्ता चुना है। अब आप समझ गए होंगे कि हमारे युवा सड़कों पर क्यों हैं। अब आप जान गए होंगे कि पिछले 12 सालों में बीजेपी ने शिक्षा व्यवस्था को कितना नुकसान पहुचाया है।

गौरतलब है कि पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन में जाने से छात्रों को रोकने के लिए दिल्ली के विश्वविद्यालयों द्वारा नए फरमान जारी किए जा रहे हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी के बाद जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) ने भी अपने छात्रों और सदस्यों को जंतर-मंतर या उसके आसपास होने वाली सभाओं और विरोध प्रदर्शन में न शामिल होने की सलाह दी है। इसके साथ ही नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।


यूनिवर्सिटी ने एक्स पर किए गए पोस्ट में कहा, "जेएनयू समुदाय के सभी सदस्यों को सलाह दी जाती है कि वे जिम्मेदारी से काम लें और अपनी निजी सुरक्षा को प्राथमिकता दें। सार्वजनिक प्रदर्शनों पर भारत के सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, आपसे अनुरोध है कि आप जंतर-मंतर, नई दिल्ली या उसके आस-पास होने वाली सभाओं में शामिल होने या वहां जाने से बचें।"

वही राहुल गांधी ने छात्रों को जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शन से ‘‘दूर रहने’’ की सलाह देने को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की तीखी आलोचना की है। उन्होंने शुक्रवार को सवाल किया कि लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल करने वाले छात्रों को ‘‘धमकाने’’ की हिम्मत विश्वविद्यालय कैसे कर सकता है।


राहुल गांधी ने डीयू की सोशल मीडिया पोस्ट को ‘टैग’ करते हुए कहा, ‘‘आप ही वे लोग हैं जिन्हें समय आने पर जवाबदेह ठहराया जाएगा।’’

उन्होंने यह भी कहा, ‘‘लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल करने के लिए छात्रों को धमकाने की आपकी हिम्मत कैसे हुई? कृपया ध्यान रखें, समय आने पर आप ही जवाबदेह ठहराए जाएंगे।’’

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए