एक महीने में यमुना में दूसरी बार बड़ी संख्या में मछलियों की मौत, पर्यावरण कार्यकर्ता ने की जांच की मांग

‘साउथ एशिया नेटवर्क ऑन डैम्स, रिवर्स एंड पीपुल’ के सहायक समन्वयक भीम सिंह रावत ने कहा कि एक महीने के भीतर यमुना नदी में हुई यह दूसरी ऐसी घटना है। उन्होंने मछलियों की मौत की जांच न करने के लिए सरकारी एजेंसियों पर सवाल उठाए।

एक महीने में यमुना में दूसरी बार बड़ी संख्या में मछलियों की मौत, पर्यावरण कार्यकर्ता ने की जांच की मांग
i

दिल्ली में यमुना नदी में बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां मिलने से उठे कई सवाल

एक महीने के भीतर यमुना में मछलियों के मरने की यह दूसरी ऐसी घटना

पर्यावरण कार्यकर्ता ने मछलियों की मौत की वजह पता लगाने के लिए जांच की मांग की

छठ महापर्व से ठीक पहले राजधानी दिल्ली में सोनिया विहार के पास यमुना नदी में बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां मिलने से प्रदूषण और नदी की निगरानी को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। एक पर्यावरण कार्यकर्ता ने मछलियों की मौत की वजह पता लगाने के लिए प्रयोगशाला में जांच कराने की मांग की है।

एक महीने में दो घटनाओं पर उठे सवाल

‘साउथ एशिया नेटवर्क ऑन डैम्स, रिवर्स एंड पीपुल’ के सहायक समन्वयक भीम सिंह रावत ने कहा कि एक महीने के भीतर यमुना नदी में हुई यह दूसरी ऐसी घटना है। उन्होंने मछलियों की मौत की जांच न करने के लिए सरकारी एजेंसियों पर सवाल उठाए। रावत ने कहा, “यमुना नदी के अपेक्षाकृत साफ हिस्से में लगातार बड़ी संख्या में मछलियों की मौत होना चिंताजनक है। इसके कारणों का पता लगाने और सुधारात्मक उपाय तय करने के लिए प्रयोगशाला में जांच पहला जरूरी कदम है।”

मरी हुई मछलियों को जांच के बिना हटाने पर सवाल

पर्यावरण कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी), दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग यमुना नदी की निगरानी करने और बड़ी संख्या में मछलियों की मौत के कारणों का पता लगाने की अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहे हैं।

रावत के मुताबिक, स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रस्तावित नदी सफारी परियोजना से पहले यमुना को साफ दिखाने के लिए रसायनों का इस्तेमाल किया गया था, जबकि विशेषज्ञों को संदेह है कि तलछट और पानी में तैरते कणों को नीचे बैठाने के लिए क्लोराइड-आधारित रसायनों का उपयोग किया गया होगा। उन्होंने इस आरोप की ओर भी इशारा किया कि मरी हुई मछलियों को प्रयोगशाला में जांच के बिना ही हटा दिया गया और उनका निपटान कर दिया गया।

इसे भी पढ़ेंः छठ महापर्व से पहले दिल्ली में ‘नकली यमुना’ पर घिरी बीजेपी, सौरभ भारद्वाज ने सरकार पर लगाया आरोप


12 नवंबर को बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां दिखाई दीं

गौरतलब है कि यमुना नदी में 12 नवंबर की सुबह वजीराबाद बैराज के ऊपर की तरफ बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां दिखाई दी थीं। इस घटना पर डीजेबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वजीराबाद तालाब में अमोनिया का स्तर नियंत्रण में था और इससे जल शोधन कार्यों पर कोई खास असर नहीं पड़ा।

दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारी ने दी सफाई

दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारी ने कहा, “स्थिति पर नजर रखी जा रही है और इस समय जल शोधन कार्यों पर कोई खास असर नहीं पड़ा है। यह आरोप लगाना गलत है कि हमारी ओर से यमुना नदी में कोई रसायन छिड़का जा रहा है; हम वजीराबाद या उसके ऊपरी हिस्से में कोई रसायन नहीं छिड़क रहे हैं।” हालांकि, मरी हुई मछलियों की जांच नहीं होने से उनके दावे पर सवाल खड़े होते हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए