केंद्रीय मंत्री फग्गन कुलस्ते की करारी हार, जानें MP में कितना चला केंद्रीय मंत्री-BJP सांसदों वाला दांव?

बीजेपी ने मध्य प्रदेश चुनाव में सात सांसदों/केंद्रीय मंत्रियों को मैदान में उतारा था। इनमें से फिलहाल फग्गन सिंह कुलस्ते अपनी निवास सीट हार चुके हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत 4 राज्यों के विधानसभा चुनाव की वोटों की गिनती जारी है। अब तक आए रुझानों में बीजेपी ने बेहतर प्रदर्शन किया है और 4 में से तीन राज्यों में सरकार बनाती दिख रही है। बात मध्यप्रदेश की करें तो 230 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी 164 से ज्यादा सीट पर बढ़त के साथ सत्ता की ओर बढ़ती दिख रही है, जबकि कांग्रेस 64 से ज्यादा सीट पर आगे है।

इन सबके बीच पूरे देश की नजरें उन सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों पर भी थी जिन्हें बीजेपी ने चुनाव में मैदान में उतारा था। आपको बता दें, बीजेपी ने मध्य प्रदेश में सात सांसदों/केंद्रीय मंत्रियों को मैदान में उतारा है।

कितना चला BJP का 'सांसदों' वाला दांव? 

फग्गन सिंह कुलस्ते (निवास): मध्य प्रदेश की निवास विधानसभा सीट पर चौंकाने वाला नतीजा आया है। दरअसल यहां केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते चुनाव हार गए हैं। उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी चैन सिंह बरकड़े ने 5000 वोटों के अंतर से चुनाव हराया है।

गणेश सिंह (सतना): सांसद गणेश सिंह सतना से प्रत्याशी थे। उनका मुकाबला कांग्रेस के सिद्धार्थ कुशवाहा से था। ये सीट अभी कांग्रेस के पास है, गणेश सिंह फिलहाल 582 वोट से पीछे चल रहे हैं।

नरेंद्र सिंह तोमर (दिमनी): केंद्रीय मंत्री और दिमनी से बीजेपी के प्रत्याशी नरेंद्र सिंह तोमर ने जीत दर्ज कर ली है। हालांकि अभी औपचारिक घोषणा होना बाकि है। वर्तमान में यह सीट कांग्रेस के पास थी। 2018 के चुनाव में रविंद्र तोमर यहां से जीते थे। कांग्रेस ने इस बार भी रविंद्र पर ही दांव खेला था। अब तक रुझानों के मुताबिक, तोमर 6772 वोट से आगे चल रहे हैं।

प्रहलाद पटेल (नरसिंहपुर): केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल महाकोशल की सीट नरसिंहपुर से चुनाव मैदान में थे। वर्तमान में यह सीट भाजपा के ही पास है। 2018 के चुनाव में प्रहलाद पटेल के भाई जालम यहां से चुनाव जीते थे। लेकिन इस बार उनके स्थान पर उनके बड़े भाई प्रह्लाद पटेल को टिकट दिया गया था। फिलहाल प्रहलाद करीब 18 हजार से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं।

उदयराव प्रताप सिंह (गाडरवाड़ा): सांसद उदयराव प्रताप सिंह नरसिंहपुर की गाडरवाड़ा सीट से उम्मीदवार थे। ये सीट भी महाकौशल में आती है। कांग्रेस की सुनीता पटेल उदयराव के सामने थीं। ये सीट अभी कांग्रेस के पास ही थी। फिलहाल के रुझानों में उदयराव 42 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं।

रीती पाठक (सीधी): सांसद रीती पाठक सीधी सीट से चुनाव लड़ रही थीं। यहां बीजेपी के बागी केदार शुक्ल ने इनकी मुश्किलें बढ़ा रखी थीं। कांग्रेस ने यहां से ज्ञान सिंह को टिकट उतारा था। अब तक के रुझानों में यह बरकरार रहते दिख रही है। रीति यहां 13 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रही हैं।

राकेश सिंह (जबलपुर पश्चिम): सांसद राकेश सिंह जबलपुर पश्चिम से चुनाव मैदान में थे। उनके सामने कांग्रेस के पूर्व मंत्री तरुण भनोट थे। ये सीट कांग्रेस के पास थी, राकेश सिंह अब तक 31 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia