मध्य प्रदेश: दतिया उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को वोटिंग, करीब 2.20 लाख वोटर 21 उम्मीदवारों के भाग्य का करेंगे फैसला

दतिया सीट पर 2023 के चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को हराया था। इसी साल एक मामले में भारती को तीन वर्ष जेल की सजा सुनाए जाने के बाद आननफानन में उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त कर दी गई।

मध्य प्रदेश: दतिया उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को वोटिंग, करीब 2.20 लाख वोटर 21 उम्मीदवारों के भाग्य का करेंगे फैसला
i

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा क्षेत्र में हो रहे उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होने वाला है। यहां लगभग सवा दो लाख मतदाता 21 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। हालांकि, यहां मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ बीजेपी और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के उम्मीदवारों के बीच ही है। मतदान शांतिपूर्वक संपन्न कराए जाने के लिए प्रशासन ने मुकम्मल इंतजाम किए हैं।

कांग्रेस और बीजेपी के बीच मुख्य मुकाबला

उपचुनाव में बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है जबकि कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को टिकट दिया है। आजाद समाज पार्टी के दामोदर सिंह यादव भी चुनाव मैदान में हैं, जिनकी वजह से मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है। इन तीनों के अलावा 18 अन्य उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं जो प्रमुख राजनीतिक दलों की जीत और हार का समीकरण बनाने और बिगाड़ने में अपनी भूमिका निभा सकते हैं।

दतिया सीट पर 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार राजेंद्र भारती ने राज्य के तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से अधिक मतों से हराया था। इसी साल दिल्ली की एक अदालत ने अप्रैल में धोखाधड़ी के एक मामले में राजेंद्र भारती को तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी, जिसके बाद आननफानन में उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त कर दी गई और बाद में दतिया सीट पर उपचुनाव की घोषणा कर दी गई। हालांकि बाद में भारती को जमानत मिल गई।

सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान

दतिया विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए गुरुवार को प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े के निर्देशन में बुधवार को प्रातः पांच बजे पॉलीटेक्निक कॉलेज से 291 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री का वितरण किया गया। सामग्री प्राप्त करने के बाद सभी मतदान दल रवाना होकर अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंच गए हैं।

इसे भी पढ़ेंः छात्रों पर पैलेट गन चलवाने के लिए अमित शाह दोषी, पता नहीं था तो अयोग्य, पद से हटाएं पीएम मोदीः राहुल गांधी


सुरक्षा के पुख्ता इंतेजाम का दावा

दतिया विधानसभा के 291 मतदाता केंद्रों पर कुल 2 लाख 20 हजार 410 मतदाता, जिसमें 1 लाख 16 हजार 116 पुरूष, 1 लाख 4 हजार 284 महिला और अन्य 10 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। दतिया में 291 मतदान केंद्रों में 185 ग्रामीण मतदान केंद्र एवं 106 शहरी मतदान केंद्र शामिल हैं, जिनमें 233 क्रिटिकल एवं 28 वल्नरेबल मतदान केंद्र शामिल हैं। संपूर्ण निर्वाचन क्षेत्र को 36 सेक्टरों में बांटकर 36 सेक्टर ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने बताया कि मतदान के मद्देनजर सभी सुरक्षा कंपनियों की तैनाती कर दी गई है और नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है, जहां की जाने वाली हर शिकायत पर तत्काल कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रख रही है और मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मतदाताओं से बिना किसी डर के मतदान करने की अपील की है।

इसे भी पढ़ेंः बांकीपुर उपचुनाव : BJP का गढ़ बचाने की चुनौती, विपक्ष की सेंध लगाने की कोशिश, शाम में थमेगा प्रचार

मतगणना 3 अगस्त को होगी

प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया को सुचारु एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें। विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान 30 जुलाई को होगा जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी।

इसे भी पढ़ेंः बांकीपुर उपचुनावः नितिन नवीन के करीबी अभिषेक ने छोड़ा मैदान, नामांकन के बाद बीजेपी ने बदला उम्मीदवार

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए