हिमाचल प्रदेश: चंबा में दर्दनाक हादसा, यात्रियों से भरी बस नीचे सड़क में गिरी, 7 लोगों की मौत, कई घायल
चंबा के तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही निजी शर्मा बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 7 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं।

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक बस हादसा हो गया। तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही निजी शर्मा बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 7 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। बस में करीब 20 से 25 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
हादसे में जान गंवाने वालों में जगदेव पुत्र धर्म सिंह, हरदेई पत्नी जगदेव, देसराज पुत्र त्रिलोचन, चालक रूप सिंह पुत्र राधाराम, कंडक्टर तेज सिंह पुत्र प्यारे लाल, निलमा पत्नी मोतीराम,जगदेई पत्नी हरिलाल शामिल हैं। सभी मृतक चंबा जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले बताए गए हैं।
घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल रहा
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल रहा। बाद में पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में 7 लोगों की मौत हुई है और 11 यात्री घायल हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
फिलहाल दुर्घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
