मराठा आरक्षणः आजाद मैदान में ही 29 अगस्त को आंदोलन करेंगे मनोज जरांगे, मुंबई पुलिस ने शर्तों के साथ दी मंजूरी

जरांगे ने कहा कि अगर एक दिन के लिए अनुमति दी जाती है, तो सरकार को हमें एक दिन में आरक्षण देना चाहिए। हम आंदोलन रोक देंगे। मैं दिशानिर्देशों का पालन करते हुए अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठूंगा।

मराठा आरक्षणः आजाद मैदान में ही 29 अगस्त को आंदोलन करेंगे मनोज जरांगे, मुंबई पुलिस ने शर्तों के साथ दी मंजूरी
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल को मुंबई पुलिस ने कई शर्तों के साथ आजाद मैदान में आंदोलन करने की अनुमति दे दी है। यह आंदोलन अधिकतम 5000 लोगों के साथ 29 अगस्त को सुबह 9 बजे शुरू होगा और शाम 6 बजे समाप्त हो जाएगा। इसके साथ ही मुंबई पुलिस ने जरांगे के आंदोलन के लिए और भी कई शर्तें लगाई हैं।

इससे पहले दिन में जरांगे अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ जालना से मुंबई के लिए रवाना हुए।मुंबई पुलिस द्वारा दी गई अनुमति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जरांगे ने कहा कि सरकार को ओबीसी श्रेणी के तहत मराठों को आरक्षण प्रदान करना चाहिए। उन्होंने जालना में कहा, "अगर एक दिन के लिए अनुमति दी जाती है, तो सरकार को हमें एक दिन में आरक्षण देना चाहिए। हम आंदोलन रोक देंगे। मैं दिशानिर्देशों का पालन करते हुए अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठूंगा।"


एक दिन पहले, बॉम्बे हाईकोर्ट ने मनोज जरांगे को मराठा आरक्षण के मुद्दे पर मुंबई के आजाद मैदान में विरोध प्रदर्शन करने से रोक दिया था। हाईकोर्ट ने गणेश उत्सव के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि जरांगे प्राधिकारियों से पूर्व अनुमति के बिना विरोध प्रदर्शन नहीं कर सकते। चीफ जस्टिस आलोक अराधे और जस्टिस संदीप मार्ने की पीठ ने कहा कि सरकार यह निर्णय ले सकती है कि प्रतिवादी (जरांगे) को शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने के लिए नवी मुंबई के खारघर में कोई वैकल्पिक स्थान दिया जाए या नहीं, ताकि मुंबई में जनजीवन की गति बाधित न हो।

इसे भी पढ़ेंः मुंबई के आजाद मैदान में प्रदर्शन नहीं कर पाएंगे मनोज जरांगे! बॉम्बे हाईकोर्ट ने लगाई रोक, दूसरी जगह का मिला विकल्प

बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद मुंबई पुलिस ने मनोज जरांगे पाटिल को कुछ शर्तों के साथ आजाद मैदान में आंदोलन की अनुमति दे दी। मुंबई पुलिस ने बताया कि इस आंदोलन के लिए केवल एक दिन की अनुमति दी गई है, जो 29 अगस्त को होगा। इसमें अधिकतम 5,000 लोग ही शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने यह भी निर्देश दिया कि आंदोलन के लिए केवल 7,000 वर्ग मीटर का क्षेत्र उपलब्ध होगा, जो 5,000 लोगों को समायोजित करने की क्षमता रखता है। यह आंदोलन सुबह 9 बजे शुरू होगा और इसका समापन शाम 6 बजे करना होगा।


पुलिस ने मनोज जरांगे के आंदोलन के लिए निर्देश भी जारी किए हैं। मुंबई पुलिस के अनुसार, आंदोलन के लिए केवल एक दिन की अनुमति दी जाएगी। शनिवार, रविवार या सार्वजनिक/शासकीय अवकाश के दिन कोई अनुमति नहीं दी जाएगी। कुछ निश्चित वाहनों को अनुमति होगी। वाहनों के पार्किंग के लिए यातायात पुलिस से समन्वय करना होगा।

इसे भी पढ़ेंः मराठा आरक्षण: मनोज जरांगे ने सीएम फडणवीस को ‘‘हिंदू विरोधी और मराठा विरोधी’’ बताया, मुंबई के लिए रवाना हुए

वाहन ईस्टर्न फ्री वे से वाडीबंदर जंक्शन तक आएंगे। वहां से केवल 5 वाहन आजाद मैदान तक जा सकेंगे, बाकी वाहनों को शिवडी, ए शेड, या कॉटनग्रीन में पुलिस द्वारा निर्दिष्ट स्थान पर पार्क करना होगा। इसके अलावा, आंदोलन में अधिकतम 5,000 प्रदर्शनकारी हो सकते हैं। आजाद मैदान का 7,000 वर्ग मीटर क्षेत्र आंदोलन के लिए आरक्षित है, जो केवल 5,000 लोगों को समायोजित कर सकता है। अन्य आंदोलनकारियों ने भी 29 अगस्त के लिए अनुमति मांगी है, इसलिए मैदान की जगह शेयर करनी होगी।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia