देश चंद लोगों की जागीर नहीं, खुद को महान मानकर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे मोदी: सोनिया गांधी

सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वह खुद को महान मानकर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं। इसके साथ ही सोनिया गांधी ने कहा, आज हमारे देश का लोकतंत्र खतरे में है।

खुद को महान मानकर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे मोदी: सोनिया गांधी
खुद को महान मानकर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे मोदी: सोनिया गांधी
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस की ओर से जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में 'न्याय पत्र महासभा' का आयोजन किया गया। जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी शामिल हुईं। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए बीजेपी और मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला।

सोनिया गांधी ने कहा कि 'वीरों और देश भक्तों के इस महान प्रदेश के प्रतिनिधि के तौर पर इस कार्यक्रम में आपके बीच आकर मुझे अपार गर्व हो रहा है। साथियों, कभी हमारे महान पूर्वजों ने अपने कठिन संघर्ष के बल पर पराधीनता के अंधेरे में देश की स्वाधीनता के सूर्य को खोजा और पाया था। इतने वर्षों बाद वो महान ज्योति कुछ मद्धिम पड़ गई है। चारों ओर अन्याय का अंधकार बढ़ा है। हम सभी का संकल्प होना चाहिए कि हम इसके खिलाफ लड़ेंगे और न्याय की रोशनी खोजेंगे।

देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे मोदी- सोनिया गांधी

सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वह खुद को महान मानकर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं। इसके साथ ही सोनिया गांधी ने कहा, आज हमारे देश का लोकतंत्र खतरे में है। सोनिया गांधी आगे कहा कि देश के ऊपर हो जाने की बात सपने में भी नहीं सोची जा सकती। क्या कोई देश से बड़ा हो सकता है? जो ऐसा सोचता है उसे देश की जनता सबक सिखा देती है। दुर्भाग्य से आज हमारे देश में ऐसे नेता सत्ता में विराजमान हैं। मोदी जी खुद को महान मानकर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं। यह देश कुछ लोगों की जागीर नहीं, देश से बड़ा कोई नहीं हो सकता है।

सोनिया गांधी ने कहा कि विपक्षी नेताओं को डराने धमकाने, बीजेपी में शामिल कराने के लिए तरह तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि हमारा देश पिछले दस साल से एक ऐसी सरकार के हवाले है जिसने बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक संकट, असमानता व अत्याचार को बढ़ावा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

मोदी जी एक खोखले संसार एक खोखली दुनिया में रह रहे हैं: प्रियंका गांधी

वहीं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि देश में बेरोजगारी चरम पर है और गरीबों की कोई सुनवाई नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक खोखली दुनिया, खोखले संसार में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेता .. मोदी जी एक खोखले संसार एक खोखली दुनिया में रह रहे हैं..गाजे बाजे में.. शोहरत में आपको सिर्फ अच्छा अच्छा दिखता है, बड़ी-बड़ी ‘ईवेंट बाजी’ दिखती है, सच्चाई छिपाने के लिये है यह और जितने भी प्रयास हैं वो सिर्फ सच्चाई छुपाने के लिये है।

प्रधानमंत्री सिर्फ झूठ बोलते हैं: खड़गे

वहीं रैली को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी संबोधित किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जयपुर में पार्टी की रैली को संबोधित करते हुए कहा, 'अगर हमारी सरकार सत्ता में आती है तो हमने 25 गारंटी पूरी करने का वादा किया है। पीएम मोदी के विपरीत, हम झूठ नहीं बोलते... उन्होंने कई गारंटियां दी हैं, लेकिन मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि अब तक कौन सी गारंटी पूरी हुई है?

खड़गे ने आगे कहा कि उन्होंने हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने की गारंटी दी थी, तो पिछले 10 साल में उन्हें 20 करोड़ नौकरियां देनी चाहिए थीं। मैं पूछना चाहता हूं कि आपको 20 करोड़ नौकरियां मिलीं क्या? मोदी ने कहा था कि विदेशों में जमा काला धन रखे लाकर 15-15 लाख दूंगा, लेकिन नहीं दिया। प्रधानमंत्री सिर्फ झूठ बोलते हैं। नरेंद्र मोदी ने यह भी कहा था कि किसानों की आमदनी दोगुनी कर दूंगा, क्या उन्होंने किया? मोदी जी झूठों के सरदार हैं। मुझे नहीं पता वह क्यों इतना झूठ बोलते हैं।

(पीटीआई के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia