सरकार के साथ किसान नेताओं की बैठक आज, देश भर में जलाए जाएंगे पीएम मोदी और कार्पोरेट के पुतले

विवादित कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों और सरकारी नुमाइंदों के बीच आज एक बार फिर बैठक होगी। पिछली दोनों बार की बातचीत बेनतीजा रही थी, लेकिन सरकार को उम्मीद है कि आज की वार्ता से कोई न कोई हल जरूर निकलेगा।

फोटो : Getty Images
फोटो : Getty Images
user

नवजीवन डेस्क

विवादित कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर डटे किसान संगठनों और सरकार के बीच आज एक बार फिर वार्ता होगी। गुरुवार 3 दिसंबर को हुई बातचीत बेनतीजा खत्म हो गई थी, लेकिन आज की बैठक के लिए सहमति बनी थी। किसान संगठन कृषि कानूनों को पूरी तरह निरस्त करने की मांग कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि इसके लिए सरकार संसद का विशेष सत्र बुलाए। लेकिन सरकार की तरफ से अभी तक कोई संकेत नहीं निकलकर आया है।

इस बीच किसानों ने सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति तेज कर दी है। किसानों ने शुक्रवार को सिंघु सीमा पर हुई महापंचायत के बाद 8 दिसंबर को भारत बंद का ऐलान कर दिया। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर नए कृषि कानून वापस नहीं लिए गए तो भारत बंद होगा और देशभर के सभी टोल फ्री कर दिए जाएंगे।


इसके अलावा आंदोलनकारी किसान आज देश भर में पीएम मोदी और कार्पोरेट के पुतले जलाएंगे। किसानों ने कहा है कि आज (शनिवार) की बैठक में अगर उनकी मांगे नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और धार दे दी जाएगी। अखिल भारतीय किसान सभा के महासचिव हनान मोल्लाह ने कहा, सरकार को तीनों कानूनों को वापस लेना होगा। भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा, जब तक सरकार किसानों की बात नहीं मानती आंदोलन जारी रहेगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia