विपक्ष आज ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘जन महाभियोग’ चलाएगा, 'वोट चोरी' के खिलाफ एकजुट होकर आंदोलन बढ़ाने का संकल्प

राहुल गांधी ने कहा कि मताधिकार छीने जाने को लेकर लोगों में भारी गुस्सा और पीड़ा है। उन्होंने उद्योगपति गौतम अडानी और मुकेश अंबानी के साथ पीएम मोदी, अमित शाह और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का नाम लेते हुए कहा कि वोट चोरी से इन्हें फायदा पहुंचाया जा रहा है।

विपक्ष आज ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘जन महाभियोग’ चलाएगा (फोटोः विपिन)
i

‘इंडिया’ गठबंधन आज ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज ‘‘जन महाभियोग’’ चलाएगा

इस जन महाभियोग में गठबंधन में शामिल दलों के कई नेता शामिल होंगे

कार्यक्रम के बाद रविवार को रामलीला मैदान तक मार्च निकाला जाएगा

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ मतदाता सूचियों में अनियमितताओं और ‘वोट चोरी’ के खिलाफ मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज ‘‘जन महाभियोग’’ चलाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के आवास पर प्रस्तावित इस जन महाभियोग में गठबंधन में शामिल दलों के कई नेता शामिल होंगे।

बारिश के कारण शुक्रवार का कार्यक्रम शनिवार को

एक दिन पहले शुक्रवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि विपक्षी दलों ने आम सहमति से शुक्रवार का कार्यक्रम शनिवार को उसी समय आयोजित करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, ‘‘बारिश के कारण हमें लगा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए इसमें बैठना असुविधाजनक होगा। इसलिए हमने ठीक यही कार्यक्रम शनिवार को आयोजित करने का फैसला किया है।’’

कांग्रेस नेता ने साथ ही कहा कि शनिवार के इस कार्यक्रम के बाद रविवार को रामलीला मैदान तक मार्च निकाला जाएगा, जिसमें विपक्षी दलों के साथ राजनीतिक और गैर-राजनीतिक संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिक समाज के लोगों को आमंत्रित किया गया है।

रविवार को रामलीला मैदान तक मार्च निकाला जाएगा

राहुल गांधी ने एक वीडियो जारी कर लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील भी की। उन्होंने कहा, ‘‘एक नवंबर को दोपहर 12 बजे मार्च शुरू होगा। यह मिंटो रोड और कनॉट प्लेस के जंक्शन से शुरू होगा और रामलीला मैदान तक हम सब मिलकर चलेंगे।’’ उन्होंने कहा कि ‘जन महाभियोग’ और मार्च अलग-अलग विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि एक ही आंदोलन का हिस्सा हैं। पूरा विपक्ष यहां एकजुट है। जो भी विरोध में शामिल होना चाहता है, उसका स्वागत है।

राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष संविधान, ‘भारत के विचार’ और प्रत्येक भारतीय की अभिव्यक्ति माने जाने वाले वोट के अधिकार की रक्षा के लिए एकजुट है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों कार्यक्रम ‘‘भारतीय लोकतंत्र को कमजोर किए जाने’’ के खिलाफ हैं और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयोग को जिम्मेदार ठहराया।

इसे भी पढ़ेंः '1 नवंबर की रैली में भीड़ रोकने की कोशिश' राहुल गांधी बोले- दूसरे राज्यों के लोगों को दिल्ली आने से रोक रहे अमित शाह


लोगों को दिल्ली आने से रोकने की हो रही है कोशिश

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने यह भी दावा किया कि गृह मंत्री विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं और आम लोगों को दिल्ली आने से रोकने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, तेलंगाना और पंजाब से हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं और हजारों आम लोगों को दिल्ली आने से रोकने की कोशिश की जा रही है।’’

उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान तक होने वाले मार्च से पता चलेगा कि कितने लोग इसमें शामिल होते हैं और कितने लोगों को रोका जाता है। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि मताधिकार से वंचित किए जाने को लेकर लोगों में भारी गुस्सा और पीड़ा है तथा लोगों के वोट चुराए जा रहे हैं। उन्होंने उद्योगपति गौतम अडानी और मुकेश अंबानी के साथ प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री शाह और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि ‘‘वोट चोरी’’ से इन्हें फायदा पहुंचाया जा रहा है।

इसे भी पढ़ेंः एसआईआर, वोट चोरी के खिलाफ अगरतला रैली में उमड़ा जनसैलाब, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग

ज्ञानेश कुमार की विदाई की उलटी गिनती तेज

वहीं कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि लगातार बारिश के कारण ‘इंडिया’ गठबंधन द्वारा आयोजित ज्ञानेश कुमार का ‘‘जन महाभियोग’’ अब 31 अक्टूबर को अपराह्न ढाई बजे होगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद रविवार, एक नवंबर को ‘‘चलो दिल्ली-रामलीला मार्च’’ आयोजित किया जाएगा। रमेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के निर्देश पर संविधान को कमजोर करने वाले ज्ञानेश कुमार की विदाई की उलटी गिनती तेज हो रही है।

तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओब्रायन ने विपक्षी दलों की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि नागरिक समाज, छात्रों, युवाओं, श्रमिकों और गृहणियों समेत सभी लोगों को आंदोलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी इसमें एक साथ हैं और मिलकर इसे जीतेंगे।’’

समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी की चुनावी जीत ‘‘इलेक्शन मेनिपुलेशन और मैनेजमेंट’’ का नतीजा है और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से लेकर मतदाता सूची तक में हेरफेर किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ेंः ज्ञानेश के खिलाफ जन महाभियोगः मीरा कुमार करेंगी अध्यक्षता, खड़गे प्रस्ताव पेश करेंगे, राहुल देंगे समापन भाषण


शुक्रवार को बारिश के कारण स्थगित हुआ कार्यक्रम

विपक्षी गठबंधन ने एसआईआर में कथित अनियमितताओं और ‘‘वोट चोरी’’ के मुद्दे को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ सांकेतिक ‘‘जन महाभियोग’’ कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। यह कार्यक्रम पहले शुक्रवार अपराह्न साढ़े तीन बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर होना था।

‘इंडिया’ गठबंधन के अनुसार, लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार ‘‘जन महाभियोग’’ की कार्यवाही की अध्यक्षता करेंगी, जबकि खड़गे मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ सांकेतिक ‘‘महाभियोग प्रस्ताव’’ पेश करेंगे। विभिन्न विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों के अपनी बात रखने के बाद राहुल गांधी का समापन भाषण निर्धारित है।

कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य घटक दल एसआईआर तथा मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं को लेकर निर्वाचन आयोग पर लगातार निशाना साध रहे हैं और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए