चिदंबरम का अर्थव्यवस्था को लेकर मोदी सरकार पर ताजा हमला, कहा- देश को भगवान बचाए

कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने देश की बिगड़ी अर्थव्यवस्था को लेकर एक बार फिर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने देश से घटते निर्यात को लेकर चिंता जताई है। मौजूदा हालात का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान इस देश को बचाए।

फोटो: सोशल मीडिया
i

बेटे कार्ति चिदंबरम द्वारा लिखे गए भावुक खत का कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने जवाब दिया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “मैंने अपने परिवार को अपनी ओर से ट्वीट करने के लिए कहा है: मेरे परिवार ने मुझे दोस्तों, पार्टी के सहयोगियों और शुभचिंतकों की ओर से शुभकामनाएं दी हैं। मुझे याद दिलाया गया कि मैं 74 साल का हूं। वास्तव में मैं हूं, लेकिन दिल से मैं 74 साल का युवा महसूस करता हूं। मेरी हौसला अफजाई के लिए आप सभी का धन्यवाद।”

एक अन्य ट्वीट में चिदंबरम ने बिगड़ी अर्थव्यवस्था का जिक्र किया। उन्होंने देश से घटते निर्यात को लेकर चिंता जताई। मौजूदा हालात का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान इस देश को बचाए।


चिदंबरम ने ट्वीट कर लिखा, ‘‘मेरी चिंता देश की अर्थव्यवस्था को लेकर है, सिर्फ एक आंकड़ा पूरी कहानी बता देता है, और वह आंकड़ा घटा हुआ निर्यात है, अगस्त के दौरान निर्यात में 6.05 प्रतिशत की निगेटिव ग्रोथ आई है, दुनिया में किसी भी देश ने 8 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ तब तक प्राप्त नहीं की है, जब तक सालाना एक्सपोर्ट में 20 प्रतिशत ग्रोथ न आई हो।’’

इससे पहले कार्ति चिदंबरम ने पिता पी चिदंरम के नाम उनके जन्मदिन के मौके पर एक भावुक खत लिखा। पत्र में उन्होंने पिता को लेकर अपनी भावनाओं को जाहिर किया है। साथ ही उन्होंने हालिया घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए मोदी सरकार और बीजेपी पर जोरदार हमला भी बोला है।

इसे भी पढ़ें: पी चिदंबरम के जन्मदिन पर बेटे कार्ति ने लिखा भावुक पत्र, बोले- कोई ‘56 इंच’ वाला आपको नहीं रोक सकता


गौरतलब है कि पी चिदंबरम की जमानत याचिका दिल्ली हाई कोर्ट में लंबित है, जिस पर 23 सितंबर को सुनवाई होनी है। आईएनएक्स मीडिया मामले में 5 सितंबर को कोर्ट ने उन्हें 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। चिदंबरम को 21 अगस्त को इस मामले में गिरफ्तार किया गया था।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 16 Sep 2019, 1:59 PM