पीपलकोटी टनल हादसा: एक और श्रमिक का शव मिला, 9 हुई मृतकों की संख्या, एक की तलाश जारी
एक और शव की बरामदगी के बाद हादसे में मरने वाले श्रमिकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। वहीं, एक श्रमिक अभी भी लापता है और उसकी तलाश के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है।

उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी सैण में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए दर्दनाक हादसे के बाद जारी रेस्क्यू ऑपरेशन में मंगलवार को एक और लापता श्रमिक का शव बरामद कर लिया गया। शव को टनल से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया है। इस शव की बरामदगी के बाद हादसे में मरने वाले श्रमिकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। वहीं, एक श्रमिक अभी भी लापता है और उसकी तलाश के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है।
उधर, जिला प्रशासन के मुताबिक, रेस्क्यू अभियान के दौरान एक और श्रमिक को सुरक्षित टनल से बाहर निकाला गया। उसे तत्काल इलाज के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया है। प्रशासन ने बताया कि टनल के भीतर अब भी एक श्रमिक के फंसे होने की आशंका है। उसे तलाशने के लिए रेस्क्यू टीमें संभावित स्थानों पर लगातार सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
13 अगस्त को कैसे हुआ था हादसा?
यह हादसा 13 अगस्त को पीपलकोटी क्षेत्र में निर्माणाधीन विष्णुगढ़-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की टनल में हुआ था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टनल के भीतर अचानक बड़ी मात्रा में पानी और मलबा घुस आया। पानी के साथ आया स्लज और मलबा इतनी तेजी से टनल में फैला कि वहां काम कर रहे श्रमिकों को संभलने का मौका नहीं मिला और कई श्रमिक अंदर ही फंस गए। शुरुआती रिपोर्टों में घटना को टनल के हिस्से में भूस्खलन-धंसाव के बाद पानी और मलबे के अचानक प्रवाह से जोड़ा गया था।
हादसे के वक्त टनल के भीतर बड़ी संख्या में श्रमिक काम कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन के साथ पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी और अन्य बचाव एजेंसियों को रेस्क्यू अभियान में लगाया गया। शुरुआती घंटों में पानी, कीचड़ और अस्थिर मलबे के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं।
लगातार हटाया जा रहा है स्लज और मलबा
लापता श्रमिक को बाहर निकालने के लिए टनल के भीतर जमा स्लज को लगातार हटाया जा रहा है। रेस्क्यू टीमें मशीनों और अन्य उपकरणों की मदद से मलबा साफ करते हुए आगे बढ़ रही हैं। टनल के अंदर की स्थिति को देखते हुए बचाव दल बेहद सावधानी के साथ संभावित स्थानों की तलाशी ले रहे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि अभियान अब अंतिम लापता श्रमिक की तलाश पर केंद्रित है। एक और शव मिलने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई है, जबकि बचाव दल की कोशिश है कि आखिरी श्रमिक तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
