दिल्ली में बाढ़ पर राजनीति! केजरीवाल राहत शिविरों में पहुंचे, जल मंत्री का राजधानी में पानी घुसने से इनकार
प्रवेश वर्मा ने बाढ़ की खबरों को भ्रामक करार देते हुए कहा कि यह कहना कि यमुना दिल्ली में घुस गई है, एक गलत बयान है। असल में, जिन जगहों पर जलभराव है, वे यमुना के अंदरूनी हिस्सों में बसे हैं, और प्राकृतिक रूप से जलस्तर बढ़ने पर वहां पानी भरना सामान्य है।

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से राजधानी के कई इलाकों में जलभराव को लेकर राजनीति गरमाने लगी है। जहां पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने रिलीफ कैंपों में ठीक इंतजाम नहीं होने के आरोप लगाए हैं, वहीं बीजेपी सरकार में जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने राजधानी में यमुना का पानी घुसने की खबरों को ही गलत करार दे दिया। उन्होंने कहा कि यह कहना कि यमुना दिल्ली में घुस गई है, एक गलत बयान है।
दिल्ली में यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण नदी से सटे इलाके पूरी तरह डूब गए हैं। हजारों लोगों को डूबे इलाकों से निकालकर राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। लेकिन लोगों को राहत शिविरों में मिलने वाली सुविधाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं। शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शास्त्री पार्क इलाके में राहत कैंपों का दौरा किया और बाढ़ प्रभावित लोगों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने इंतेजाम को लेकर सवाल उठाया।
अरविंद केजरीवाल ने कहा, "दिल्ली में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं और तमाम इलाकों में पानी भर गया है। लोग अपने घरों को छोड़कर रिलीफ कैंप में रहने को मजबूर हैं। इन रिलीफ कैंपों में भी तमाम परेशानियां हैं, खाने और पानी तक का ठीक इंतजाम नहीं है। दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव हो गया है, क्योंकि बीजेपी सरकार ने डिस्लिटिंग नहीं कराई। दिल्ली वालों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।" इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने उत्तर भारत में हो रही भारी बारिश को लेकर केंद्र सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग भी की। उन्होंने कहा, "उत्तर भारत के तमाम हिस्सों में भारी बारिश की वजह से तबाही हो रही है, केंद्र सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए।"
इस बीच, दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने शुक्रवार को कश्मीरी गेट, निगम बोध घाट, मॉनेस्ट्री मार्केट और आसपास के क्षेत्रों का दौरा कर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने इन इलाकों में जलजमाव को लेकर सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्ट्स में फैल रही 'बाढ़ की खबरों' को भ्रामक करार दिया। प्रवेश वर्मा ने कहा कि जिस मॉनेस्ट्री मार्केट में पानी भरा हुआ है, वह यमुना की जल सीमा के भीतर बना हुआ क्षेत्र है, जो तकनीकी रूप से यमुना के दायरे में आता है।
प्रवेश वर्मा ने आगे कहा, "यह कहना कि यमुना दिल्ली में घुस गई है, एक गलत बयान है। असल में, जिन जगहों पर जलभराव है, वे यमुना के अंदरूनी हिस्सों में बसे हैं, और प्राकृतिक रूप से जलस्तर बढ़ने पर वहां पानी भरना सामान्य है। जल मंत्री ने यह भी दावा किया कि ट्रैफिक सामान्य रूप से चल रहा है और कई जगहों पर जहां ड्रेनों के पास पानी भरा है, उसे जानबूझकर रोका गया है ताकि निचले इलाकों में पानी न पहुंचे।
इसे भी पढ़ेंः दिल्ली में बाढ़, पॉश इलाके भी चपेट में, सिविल लाइंस के घरों में घुसा पानी, ISBT बस अड्डा से यमुना घाट तक पानी-पानी
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia