वीडियो: प्रियंका गांधी ने किसानों के लिए गलत शब्दों के इस्तेमाल को बताया पाप, बोलीं- अन्नदाताओं की आवाज को सुने सरकार

किसानों को आतंकी, चीनी एजेंट बताने वालों को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने जवाब दिया है। प्रियंका गांधी ने कहा कि किसानों के लिए वे लोग(बीजेपी नेता) जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं, वैसा करना पाप है। केंद्र सरकार किसानों की इस स्थिति के लिए जवाबदेह है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

पवन नौटियाल @pawanautiyal

देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस अपना 136वां स्थापना दिवस मना रही है। इस दौरान पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने किसानों के आंदोलन को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है प्रियंका गांधी ने बिना नाम लिए मोदी सरकार को जमकर घेरा है। बीजेपी नेताओं की ओर से किसानों को आतंकी, चीनी एजेंट बताने वालों को प्रियंका गांधी ने जवाब दिया है।

इसे भी पढ़ें- कांग्रेस स्थापना दिवस: सोनिया गांधी का वीडियो संदेश, राहुल बोले- देशहित में आवाज उठाने के लिए पार्टी प्रतिबद्ध

प्रियंका गांधी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि किसानों के लिए वे लोग जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं, वैसा करना पाप है। केंद्र सरकार किसानों की इस स्थिति के लिए जवाबदेह है। प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए और कानून वापस लेना चाहिए। किसान आंदोलन को साजिश बताने को भी उन्होंने गलत करार दिया है।

आपको बता दें, कांग्रेस अपना 136वां स्थापना दिवस मना रही है। इस दौरान प्रियंका गांधी पार्टी मुख्यालय पहुंचीं। प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस स्वाधीनता संग्राम से उपजा और भारतीयता से एकरूप होकर बना संगठन है। समानता, समावेश एवं देश को मजबूत बनाना हमारा मूल संकल्प है। 136 वर्षों से कांग्रेस की सोच को मजबूत बनाने वाले नेतृत्व व कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई।

वहीं स्थापना दिवस के मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि सभी प्यारे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कांग्रेस स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आजादी की लड़ाई से लेकर अब तक इस सफर में कांग्रेस ने देश प्रेम, निडरता, बगैर स्वार्थ जनसेवा, भाईचारा, एकता और अखंडता जैसे मूल्यों के लिये ही संघर्ष किया।

उन्होंने वीडियो में कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्‍होंने कहा कि "जनता के अधिकार कुचले जा रहे हैं। चारों ओर तानाशाही का आलम है। लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्‍थाओं को खत्‍म किया जा रहा है। बेरोजगारी चरम सीमा पर है। खेत-खलिहान पर हमला बोला जा रहा है और देश के अन्‍नदाता पर काले कानून थोपे जा रहे हैं।"

वहीं कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस पर पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि आज हम सच्चाई और समानता के अपने इस संकल्प को दोहराते हैं। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि देश हित की आवाज उठाने के लिए कांग्रेस शुरू से प्रतिबद्ध रही है। आज कांग्रेस के स्थापना दिवस पर, हम सच्चाई और समानता के अपने इस संकल्प को दोहराते हैं। जय हिंद!

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia