वोट चोरी के खिलाफ अब चीफ जस्टिस से मिलेंगे राहुल गांधी और खड़गे, सोमवार को मिलने का समय मांगा

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कल हम प्रधान न्यायाधीश से मिलने जा रहे हैं। मैंने पत्र लिखा है और राहुल गांधी ने भी पत्र लिखा है। हमने शाम चार से पांच बजे के बीच मुलाकात का समय तय किया है। इस दौरान हम उन्हें हालात से अवगत कराएंगे और दखल की मांग करेंगे।

वोट चोरी के खिलाफ अब चीफ जस्टिस से मिलेंगे राहुल गांधी और खड़गे, सोमवार को मिलने का समय मांगा
i

वोट चोरी के खिलाफ प्रधान न्यायाधीश से मिलेगा विपक्ष

राहुल गांधी और खड़गे ने पत्र लिखकर मांगा समय

‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर सीजेआई से दखल का आग्रह करेंगे

राष्ट्रपति से भी मुलाकात कर चुके हैं विपक्षी दलों के नेता

वोट चोरी के खिलाफ प्रदर्शनों के बीच राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के नेता देश के प्रधान न्यायाधीश से मुलाकात करेंगे। खड़गे ने आज बताया कि ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर प्रधान न्यायाधीश से दखल का आग्रह करने के लिए सोमवार को शाम चार से पांच बजे के बीच उनसे मुलाकात का समय मांगा है।

सरकार युवाओं के आंदोलन से डरी हुई है

बेंगलुरु में खड़गे ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशभर में अराजकता पैदा की है। उन्होंने कहा कि शनिवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती और लोगों को हिरासत में लिया जाना दिखाता है कि सरकार युवाओं के आंदोलन से डरी हुई है।

सीजेआई से सोमवार शाम 4 से 5 बजे के बीच समय मांगा

खड़गे ने प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत से मुलाकात के बारे में कहा, ‘‘हमने शाम चार से पांच बजे के बीच का समय मांगा है। हम उन्हें अपनी बात भी बताएंगे, क्योंकि हम मांग नहीं कर सकते। हम उनसे हाथ जोड़कर केवल अनुरोध ही कर सकते हैं।’’ खड़गे ने कहा कि उन्होंने और राहुल गांधी ने प्रधान न्यायाधीश को पत्र भी लिखे हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने बेंगलुरु में मीडिया से बातचीत के दौरान की गई अपनी टिप्पणियों का एक वीडियो ‘एक्स’ पर साझा किया। कांग्रेस अध्यक्ष ने लिखा, ‘‘कल हम प्रधान न्यायाधीश से मिलने भी जा रहे हैं। मैंने पत्र लिखा है और राहुल गांधी ने भी पत्र लिखा है। हमने शाम चार से पांच बजे के बीच मुलाकात का समय तय किया है। इस दौरान हम उन्हें हालात से अवगत कराएंगे।’’

इसे भी पढ़ेंः देश में हालत गंभीर, सरकार ने खुद दिल्ली में मचाया आतंकः अशोक गहलोत


हम लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे

शनिवार को दिल्ली में सुरक्षा के नाम पर लगाई गई अभूतपूर्व पाबंदियों का जिक्र करते हुए खड़गे ने कहा कि सड़कों को बंद कर दिया गया, संचार सेवाएं बाधित थीं, हवाई अड्डे तक पहुंच सीमित कर दी गई और मोबाइल नेटवर्क बंद कर दिया गया। उन्होंने दावा किया, ‘‘कल करीब 32,000 पुलिसकर्मियों और 7,500 सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) कर्मियों को तैनात किया गया था।

खड़गे ने कहा कि यह अपने आप में दिखाता है कि सरकार युवाओं के आंदोलन से कितना डरती है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि इन सभी घटनाओं से पता चलता है कि सरकार भारत में लोकतंत्र को शांतिपूर्ण ढंग से काम नहीं करने देना चाहती। उन्होंने कहा, ‘‘हम लोकतंत्र और लोगों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।’’

इसे भी पढ़ेंः CJP के प्रदर्शन पर विपक्ष एकजुट, कहा- ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन

विपक्ष वोट चोरी के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहा है

शनिवार को ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा आहूत प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में विपक्ष के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं सहित 7,000 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया। प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर पहुंचने से रोकने के लिए मेट्रो और ट्रेन सेवाओं पर पाबंदियां लगाई गईं और दिल्ली के कुछ हिस्सों में इंटरनेट सेवाएं भी निलंबित कर दी गईं।

विपक्षी दल प्रधानमंत्री और बीजेपी पर ‘‘वोट चोरी’’ के जरिए चुनावों में धांधली का आरोप लगाते हुए मंगलवार से प्रदर्शन कर रहे हैं और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने की मांग कर रहे हैं। विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के दलों ने मंगलवार को प्रदर्शन शुरू किया था। उन्होंने संसद से निर्वाचन आयोग तक मार्च निकाला, लेकिन उन्हें रास्ते में ही रोक दिया गया था। इसके बाद राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी नेताओं ने जंतर-मंतर जाने की कोशिश की तो उन्हें फिर रोक दिया गया। इसके बाद शुक्रवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी दलों के नेताओं ने राष्ट्रपति से मुलाकात कर वोट चोरी की शिकायत की।

ये भी पढ़ें : 'तुरंत हटाई जाए बैरिकेडिंग, मेट्रो-रेल सेवा हो बहाल, इंटरनेट भी बंद नहीं कर सकते', दिल्ली में बंदिशों पर SC का बड़ा आदेश

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए