राहुल गांधी का BJP पर हमला, स्टालिन से मिलने के बाद कहा- लोकसभा की सीटें 850 करने से लोकतंत्र खत्म हो जाएगा

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘हमारा मानना है कि परिसीमन के साथ 850 सदस्यों वाली संसद और बीजेपी को इन 850 सीटों का स्वरूप पूरी तरह से तय करने और भारत के निर्वाचन क्षेत्रों की प्रकृति बदलने की अनुमति देना न केवल राष्ट्र के लिए नुकसानदेह है, बल्कि दक्षिण भारत और खासकर तमिलनाडु के लिए भी नुकसानदेह है।’’

फोटो: PTI
i

850 सीटों के परिसीमन पर राहुल गांधी की चेतावनी, 'देश में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा'

राहुल गांधी बोले- 'तमिलनाडु और दक्षिण भारत के लिए नुकसानदेह है 850 सीटों वाला परिसीमन'

'तमिल भाषा और संस्कृति पर होगा चौतरफा हमला', परिसीमन बिल पर राहुल का केंद्र पर वार

'असम और जम्मू-कश्मीर के बाद पूरे देश में परिसीमन का मॉडल लागू करना चाहती है बीजेपी'

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को चेतावनी दी कि अगर बीजेपी को लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने के जरिये संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से परिसीमन करने की अनुमति दी गई, तो भारत में लोकतंत्र ‘खत्म’ हो जाएगा।

उन्होंने द्रविड़ मुनेत्र कषगम अध्यक्ष एमके स्टालिन से केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन कानून का विरोध करने की अपील की।


विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल की स्टालिन से मुलाकात के बाद चेन्नई हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी ने वार्ता को ‘बहुत अच्छी और सौहार्दपूर्ण’ बताया। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन ने सोमवार से शुरू होने वाली संसद की विशेष बैठक से पहले डीएमके प्रमुख के सामने अपनी चिंताएं रखी हैं।

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘हमारा मानना है कि परिसीमन के साथ 850 सदस्यों वाली संसद और बीजेपी को इन 850 सीटों का स्वरूप पूरी तरह से तय करने और भारत के निर्वाचन क्षेत्रों की प्रकृति बदलने की अनुमति देना न केवल राष्ट्र के लिए नुकसानदेह है, बल्कि दक्षिण भारत और खासकर तमिलनाडु के लिए भी नुकसानदेह है।’’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने से मिलने वाली अतिरिक्त गुंजाइश का इस्तेमाल देश के निर्वाचन क्षेत्रों का पूरा स्वरूप बदलने के लिए करना चाहती है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘वे असम में इस विचार को पहले ही आजमा चुके हैं। उन्होंने जम्मू कश्मीर में भी इसे आजमाया है और अब वे इसे पूरे भारत में लागू करना चाहते हैं।’’


स्टालिन से सीधे अपील करते हुए राहुल गांधी ने उन्हें ‘भाई स्टालिन’ और ‘तमिलनाडु का प्रबल रक्षक’ बताया। उन्होंने कहा कि द्रमुक नेता को राज्य के हितों की रक्षा करनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बीजेपी की ‘गंदी साजिश’ कामयाब न हो।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर तीखा हमला करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि वह एक ‘तमिल विरोधी ताकत’ है, जो ‘तमिल सभ्यता, तमिल भाषा और तमिल संस्कृति के विचार से नफरत करती है और उन्हें खत्म करना और उन पर नियंत्रण करना चाहती है।’

उन्होंने कहा, ‘जब बीजेपी 850 सीटों के जरिये भारत के निर्वाचन क्षेत्रों का स्वरूप बदल देगी, तो देश में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। तमिल संस्कृति और तमिल भाषा पर चौतरफा हमला शुरू हो जाएगा। मेरी इस बात को याद रखिएगा।’

यह पूछे जाने पर कि क्या डीएमके ने इस विधेयक का विरोध करने के कांग्रेस के अनुरोध को खारिज कर दिया है, राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है कि क्षेत्रीय दल ने सार्वजनिक रूप से क्या कहा है या क्या फैसला किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें इस बात की जानकारी नहीं है कि डीएमके ने क्या कहा है या क्या किया है। मैं आपको बता रहा हूं कि हमने क्या चर्चा की और भाई स्टालिन के सामने क्या बातें रखीं। हमने उनसे कहा कि यह तमिल संस्कृति, तमिल भाषा, तमिल लोगों, भारतीय संघ और भारत के लिए खतरा है। और भाई स्टालिन को अन्य सभी देशभक्त लोगों की तरह इस खतरे के खिलाफ खड़ा होना चाहिए।’’

दूसरी ओर एमके स्टालिन ने साफ किया कि डीएमके ने अपने रुख में कोई बदलाव नहीं किया है। स्टालिन ने कहा कि यदि यह परिसीमन बिल संसद में गिर जाता है, तो तमिलनाडु को मिलने वाली थोड़ी-बहुत सुरक्षा भी समाप्त हो जाएगी। स्टालिन ने आगे कहा, अगर 1971 की जनगणना के आधार पर परिसीमन किया जाता है, तो तमिलनाडु और पूरे दक्षिणी राज्यों पर बुरा असर पड़ेगा। खासकर दक्षिणी राज्यों की राजनीतिक पार्टियों के लिए यह अस्तित्व की लड़ाई है। 


इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी सहित ‘इंडिया’ गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने यहां स्टालिन के आवास पर उनसे मुलाकात की। यह मुलाकात संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 का विरोध करने के लिए द्रमुक को मनाने की आखिरी कोशिश के तौर पर हुई।

हालांकि, डीएमके ने प्रस्तावित विधेयक का समर्थन करने के अपने फैसले पर कायम रहने की बात कही। स्टालिन ने कहा कि विधेयक के गिरने से तमिलनाडु को लोकसभा में अपनी मौजूदा सीटों की हिस्सेदारी सुरक्षित रखने के लिए मिलने वाला न्यूनतम संरक्षण भी खत्म हो सकता है।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार सोमवार को संसद में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक पेश करने वाली है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए