उत्तराखंड के दीपक के समर्थन में आए राहुल गांधी, नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान का प्रतीक बताया

राहुल गांधी ने कहा कि दीपक संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं, उस संविधान के लिए जिसे बीजेपी और संघ परिवार रोज़ रौंदने की साज़िश कर रहे हैं। वह नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान का जीवित प्रतीक हैं और यही बात सत्ता को सबसे ज़्यादा चुभती है।

उत्तराखंड के दीपक के समर्थन में आए राहुल गांधी, नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान का प्रतीक बताया
i
user

नवजीवन डेस्क

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी उत्तराखंड के कोटद्वार में कपड़ों की दुकान का 'बाबा' नाम होने पर आपत्ति कर रहे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का विरोध करने वाले युवक दीपक के समर्थन में आगे आए हैं। उन्होंने दीपक को ‘‘नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान का प्रतीक’’ करार दिया और कहा कि देश को ऐसे और युवकों की जरूरत है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लोग आर्थिक और सामाजिक ज़हर घोल रहे हैं, ताकि डर के सहारे राज करते रहें।

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘उत्तराखंड के दीपक भारत के हीरो हैं। दीपक संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं, उस संविधान के लिए जिसे बीजेपी और संघ परिवार रोज़ रौंदने की साज़िश कर रहे हैं। ’’ उन्होंने कहा कि यह युवक ‘‘नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान’’ का जीवित प्रतीक है और यही बात सत्ता को सबसे ज़्यादा चुभती है।


कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘‘संघ परिवार जानबूझकर देश में आर्थिक और सामाजिक ज़हर घोल रहा है, ताकि भारत बंटा रहे और कुछ लोग डर के सहारे राज करते रहें। उत्तराखंड की बीजेपी सरकार खुलेआम उन असामाजिक ताक़तों का साथ दे रही है, जो आम नागरिकों को डराने और परेशान करने में लगी हैं।’’

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘नफ़रत, डर और अराजकता के माहौल में कोई भी देश आगे नहीं बढ़ सकता। शांति के बिना विकास सिर्फ़ एक जुमला है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें और ‘दीपकों’ की ज़रूरत है- जो झुकें नहीं, जो डरें नहीं, और जो पूरी ताक़त से संविधान के साथ खड़े रहें। हम तुम्हारे साथ हैं भाई। डरो मत, तुम बब्बर शेर हो।’’


कोटद्वार में पटेल मार्ग स्थित ‘बाबा’ नाम से संचालित की जा रही कपड़ों की एक दुकान का नाम बदलने के लिए बजरंग दल के कार्यकर्ता कथित रूप से दुकान मालिक मोहम्मद शोएब पर दबाव डाल रहे थे। उसी समय वहां के एक जिम संचालक दीपक चंद ने पहुंचकर विरोध किया और बजरंग दल के लोगों को वहां से जाने के लिए मजबूर कर दिया। युवक की सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हुई। लेकिन इसके बाद बड़ी संख्या में बजरंग दल के लोग दीपक के पीछे पड़ गए और उसे धमकी दे रहे हैं।

इसे भी पढ़ेंः 'मेरा नाम मोहम्मद दीपक', मुस्लिम बुजुर्ग को बचाने वाले शख्स को सता रहा जान का खतरा, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia