राहुल गांधी को रिहा किया गया, बोले- मोदी-शाह चाहे जो कर लें, ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा होने तक विरोध जारी रहेगा

राहुल गांधी ने कहा कि हम प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार को न्याय के कटघरे में लाएंगे। मेरी गारंटी है कि इन चारों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।

राहुल गांधी को रिहा किया गया, बोले- मोदी-शाह चाहे जो कर लें, ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा होने तक विरोध जारी रहेगा
i

राहुल गांधी को पुलिस हिरासत से रिहा किया गया

हिरासत में लिए गए सभी सांसदों को रिहा किया गया

ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा होने तक जारी रहेगा विरोध

मोदी-शाह ऐसा कुछ नहीं कर सकते जिससे हमें रोक सकें

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने बाराखंभा रोड थाने से रिहा कर दिया है। करीब दो घंटे तक उन्हें हिरास्त में रखने के बाद पुलिस ने छोड़ा है। इससे पहले हिरासत में लिए जाने पर राहुल गांधी ने पीएम मोदी और अमित शाह को चुनौती देते हुए कहा कि चाहे जो भी कर लें मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा देने तक विरोध जारी रहेगा।

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक विरोध जारी रहेगा

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ऐसा कुछ नहीं कर सकते जिससे उनका विरोध रुक जाए। राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा देने तक विरोध प्रदर्शन नहीं रोकेंगे। यह इस देश की सबसे पवित्र चीज की रक्षा की लड़ाई है। नरेन्द्र मोदी और अमित शाह ऐसा कुछ नहीं कर सकते जिससे हमें रोका जा सके।’’


मोदी, शाह, भागवत, ज्ञानेश को न्याय के कटघरे में लाएंगे

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने ‘एक्स’ पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा कि हम प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार को न्याय के कटघरे में लाएंगे। मेरी गारंटी है कि इन चारों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।’’ विपक्षी नेताओं को जंतर मंतर जाने से रोके जाने का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘यह सब घबराहट में दी गई प्रतिक्रिया है। यह सब डर है।’’

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘‘उन्होंने इस देश की सबसे पवित्र चीज पर हमला किया है। उन्होंने संविधान पर हमला किया है, उन्होंने जनता की आवाज पर हमला किया है और उन्हें इसकी कीमत चुकानी होगी। उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा, मेरी बात याद रखना।’’

जंतर-मंतर जा रहे विपक्षी सांसदों को जबरन रोका गया

इससे पहले आज मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने जा रहे ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के सांसदों को दिल्ली पुलिस ने बीच में ही जबरन रोक दिया। इसके विरोध में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की अगुवाई में कई सांसद और नेता वहीं सड़क पर बैठ गए। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई सांसदों को जबरन घसीटकर हिरासत में ले लिया।

सड़क पर धरने के दौरान अचानक पुलिस वालों की भीड़ ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को धक्का दिया और घसीटकर खींचने लगे। इस दौरान राहुल गांधी वहीं गिर गए। इसके बाद चारों ओर से पुलिस वालों ने उन्हें जबरन घसीटते हुए उठाकर बस में ले जाकर डाल दिया।


राहुल-प्रियंका गांधी को घसीटकर हिरासत में लिया

इसके बाद बारी आई महिला सांसदों के साथ विरोध में सड़क पर लेटीं प्रियंका गांधी की। दिल्ली पुलिस की महिला जवानों ने एक-एक कर महिला सांसदों को जबरन घसीटते और खींचते हुए उन्हें वहां से हटाया। इसके बाद पुलिस ने हाथ में संविधान लेकर लेटी हुई प्रियंका गांधी के साथ बदसलूकी शुरू की। उनको चारों ओर से पुलिस ने घेरकर शरीर के हर जगह खरोंचते हुए वहां से जबरन उठाया और बस में डाल दिया।

इसे भी पढ़ेंः जंतर-मंतर जा रहे विपक्षी सांसदों को रोका गया, राहुल-प्रियंका समेत सभी को घसीटकर हिरासत में लिया गया

पुलिस पर बर्बरता और बदसलूकी का आरोप

इससे पहले जैसे ही विपक्षी सांसदों की बसों का काफिला जंतर-मंतर से करीब 200 मीटर की दूरी पर पहुंचा तो भारी पुलिस बल ने बसों को चारों ओर से घेरकर उन्हें वहीं रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सभी सांसदों के साथ पैदल ही जंतर-मंतर की ओर बढ़ने लगे। लेकिन भारी संख्या में चारों ओर से पुलिस बल ने घेरा बनाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद सभी सांसद वहीं धरने पर बैठ गए। इसके बाद पुलिस ने बर्बर तरीके से राहुल, प्रियंका समेत सभी सांसदों को हिरासत में ले लिया।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए