राहुल गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, बोले- दिल्ली में पैलेट गन, बिहार में AK-47, छात्रों से किया वादा कहां गया?
राहुल गांधी ने छात्रों के विरोध-प्रदर्शनों पर हुई कार्रवाई को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने छात्रों से माफी मांगने और हमलावरों पर कार्रवाई की मांग की।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों के विरोध-प्रदर्शनों पर हुई कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर किए गए अपने पोस्ट में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश में छात्रों के साथ बर्बरता की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में छात्रों पर पैलेट गन चलाई गई, जबकि बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर AK-47 की गोलियां चलने की खबरें आ रही हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में छात्रों को गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई हैं।
'मोदी जी, छात्रों से किया वादा कहां गया?'
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी से सवाल किया कि छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होने और उन्हें रिहा किए जाने का वादा आखिर कहां गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके उलट छात्रों पर घातक हमले किए जा रहे हैं और उनके साथ बर्बरता की जा रही है। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार छात्रों की आवाज सुनने के बजाय उसे दबाने में लगी है।
'यूपी, बिहार, बंगाल और दिल्ली... हर जगह एक जैसा पैटर्न'
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा कि उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार और दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों में छात्रों के खिलाफ कार्रवाई का तरीका एक जैसा दिखाई दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने वादों से पीछे हट रही है और छात्रों की आवाज दबाने के लिए हर तरीका अपना रही है। राहुल गांधी ने कहा कि यह सरकार ईमानदार नहीं है और वास्तविक सुधार करना उसके बस की बात नहीं है।
पीएम मोदी से माफी और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग
अपने पोस्ट के अंत में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश के छात्रों से माफी मांगने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्रवाई छात्रों पर नहीं, बल्कि उन लोगों पर होनी चाहिए जिन्होंने छात्रों पर हमला किया और उनके आंदोलन को कुचलने की कोशिश की। राहुल गांधी ने सरकार से छात्रों की शिकायतों पर गंभीरता से ध्यान देने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी की।
इसे भी पढ़ें: ‘छात्रों पर बर्बरता’ के खिलाफ विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन, ‘अमित शाह जवाब दो’ के लगाए नारे
AK-47 से फायरिंग करने वाला जवान सस्पेंड
बिहार के सीवान में पेपर लीक के खिलाफ हुए प्रदर्शन में छात्रों पर AK-47 से फायरिंग करने वाले जवान को सस्पेंड कर दिया गया है। सीवान में बीते दिनों प्रदर्शनकारियों पर एके-47 से फायरिंग की गई थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। सीवान में जिस दिन यह घटना हुई उस दिन गोली लगने से तीन प्रदर्शनकारी घायल हुए थे, जिनका इलाज चल रहा है। अब पुलिस के वरीय अधिकारियों ने बताया कि एके-47 से फायरिंग करने वाले जवान को सस्पेंड कर दिया गया है।
इसे भी पढ़ें: बिहार बंद के बाद पुलिस का एक्शन, 350 गिरफ्तार, CCTV से पहचान, 1500 से ज्यादा लोग पुलिस की रडार पर
एके-47 से फायरिंग करते जवान के वायरल वीडियो पर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सवाल उठाए थे और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला था।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
