छत्तीसगढ़: कांग्रेस नेताओं से बर्बरता पर राहुल गांधी ने कहा, मोदी की हुकूमत में तानाशाही बन गया है पेशा 

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर पुलिस की लाठी चार्ज पर राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार की हुकूमत में तानाशाही एक पेशा बन गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मौलिक अधिकारों पर बुजदिली से किए गए इस हमले को वहां की जनता सियासी जुल्म के रूप में याद रखेगी।

फोटो: सोशल मीडिया 
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस द्वारा पिटाई को लेकर बुधवार को नरेंद्र मोदी सरकार और रमन सिंह सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि तानाशाही अब एक पेशा बन चुकी है।

राहुल गांधी ने घटना का वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट कर कहा, “नरेंद्र मोदी की हुकूमत में तानाशाही एक पेशा बन गई है। बिलासपुर में रमन सिंह की सरकार द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मौलिक अधिकारों पर बुजदिली से किए गए इस प्रहार को वहां की जनता सियासी जुल्म के रूप में याद रखेगी।”

वहीं छत्तीसगढ़ सरकार ने बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि मंगलवार को बिलासपुर में कांग्रेस के कार्यकर्ता रमन सिंह सरकार के नगर निकाय मंत्री अमर अग्रवाल के घर के बाहर प्रदर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान बीच में ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया। जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई। इससे नाराज पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के ऊपर लाठीचार्ज कर दिया। इसके बाद कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता कांग्रेस भवन की ओर जाने लगे। थोड़ी देर बाद वहां पहुंची पुलिस ने कांग्रेस भवन के अंदर घुसकर कार्यकर्ताओं और नेताओं को पीटा। इस दौरान पुलिस ने महिलाओं को भी घसीट- घसीट कर पीटा। पुलिस के इस बर्बर लाठीचार्ज में कई लोगों का सिर फट गया।

इसे भी पढ़े: छत्तीसगढ़: बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर टूटा पुलिस का कहर, ऑफिस में घुसकर बेरहमी से पीटा

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia