राहुल गांधी ने वीडियो शेयर करके कहा- ‘मोहम्मद’ दीपक ने जो किया, उससे बड़ी देशभक्ति कुछ और नहीं

राहुल गांधी ने वीडियो ‘एक्स’ पर साझा कर कहा, ‘‘करोड़ों भारतीय नागरिकों के दिलों में सद्भाव और मोहब्बत की विचारधारा है, मगर मन में भय भी है। दीपक ने उन सभी को अपने साहस से राह दिखाई है। जो लोग नफ़रत फैलाकर समाज को डराने की कोशिश करते हैं, वह दरअसल कायर होते हैं, उनसे कभी भी डरो मत।’’

फोटो: INC
i
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उत्तराखंड में एक मुस्लिम दुकानदार की मदद करने के बाद ‘मोहम्मद दीपक’ नाम से चर्चा में आए जिम संचालक दीपक कुमार की तारीफ करते हुए कहा है कि उन्होंने जो किया, उससे बड़ी देशभक्ति कुछ और नहीं है।

राहुल गांधी ने दीपक से मुलाकात का वीडियो बुधवार को जारी किया। उन्होंने दीपक से बीते सोमवार को मुलाकात की थी। राहुल गांधी ने इस मुलाकात का वीडियो ‘एक्स’ पर साझा किया और कहा, ‘‘करोड़ों भारतीय नागरिकों के दिलों में सद्भाव और मोहब्बत की विचारधारा है, मगर मन में भय भी है। दीपक ने उन सभी को अपने साहस से राह दिखाई है। जो लोग नफ़रत फैलाकर समाज को डराने की कोशिश करते हैं, वह दरअसल कायर होते हैं, उनसे कभी भी डरो मत।’’


उन्होंने कहा, ‘‘दीपक ने हमारे तिरंगे और संविधान की रक्षा की है। नफरत के सामने डटकर खड़े हुए, कमजोर की हिफाजत की, इससे बड़ी देशभक्ति नहीं होती।’’

बीते 26 जनवरी को उत्तराखंड के कोटद्वार में कपड़ों की दुकान ‘बाबा’ का नाम बदलने के लिए दुकान मालिक वकील अहमद पर दबाव बनाने को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ता उनकी दुकान के बाहर जमा हो गए थे। इसी दौरान अहमद के बेटे मोहम्मद शोएब के मित्र और 42 वर्षीय जिम मालिक दीपक कुमार ने बजरंग दल के इस रवैये का विरोध किया और कार्यकर्ताओं को वहां से हटने पर मजबूर कर दिया।

दीपक कुमार के इस कदम की देशभर में सराहना हो रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें ‘भारत का हीरो’ बताया था।

वहीं राहुल गांधी से मुलाकात के बाद मोहम्मद दीपक ने कहा था कि हिम्मत तो पहले भी थी, अब चार गुना और बढ़ गई है। दीपक ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘राहुल जी ने मुझे बुलाया था। उन्होंने मुझे सोनिया जी से भी मिलवाया और मेरी पत्नी से फोन पर बात की। उन्होंने मुझसे कहा कि आपने अच्छा काम किया है और मैं कोटद्वार आकर आपकी जिम की सदस्यता लूंगा।’’’


क्या था पूरा मामला?

बीते 26 जनवरी को उत्तराखंड के कोटद्वार में कपड़ों की दुकान ‘बाबा’ का नाम बदलने के लिए दुकान मालिक वकील अहमद पर दबाव बनाने को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ता दुकान के बाहर जमा हो गए थे। इसी दौरान अहमद के बेटे मोहम्मद शोएब के मित्र और 42 वर्षीय जिम मालिक दीपक कुमार ने बजरंग दल के इस रवैये का विरोध किया और कार्यकर्ताओं को वहां से हटने पर मजबूर कर दिया।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia