मुंबई प्रोटेस्ट में पुलिस वैन रोकने वाली रिया अहीर ऑनलाइन उत्पीड़न की शिकार, साइबर सेल में दर्ज कराई शिकायत

रिया ने आरोप लगाया है कि वायरल वीडियो के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोलिंग, उत्पीड़न और अभद्र टिप्पणियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें सोशल मीडिया पर ‘डीप-फेक’ वीडियो और अभद्र भाषा के जरिये निशाना बनाया जा रहा है।

मुंबई प्रोटेस्ट में पुलिस वैन रोकने वाली रिया अहीर ऑनलाइन उत्पीड़न की शिकार, साइबर सेल में  दर्ज कराई शिकायत
i

मुंबई में पिछले सप्ताह छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस वैन के सामने खड़े होकर उसका रास्ता रोककर चर्चा में आई मॉडल रिया अहीर ने सोशल मीडिया पर खुद को निशाना बनाए जाने और ऑनलाइन उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाया है। रिया ने महाराष्ट्र साइबर सेल में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। रिया ने आरोप लगाया है कि वायरल वीडियो के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोलिंग, उत्पीड़न और अभद्र टिप्पणियों का सामना करना पड़ रहा है।

सुनियोजित ऑनलाइन नफरती अभियान

साइबर पुलिस को दी गई शिकायत में अहीर ने दावा किया कि पुलिस वैन को रोकते हुए उनकी तस्वीर वायरल होने के बाद, उन्हें सोशल मीडिया पर ‘डीप-फेक’ वीडियो और अभद्र भाषा के जरिये निशाना बनाया जा रहा है। अहीर ने आरोप लगाया कि इसमें मानहानि, छेड़छाड़ की गई तस्वीरें, महिला-द्वेषी गालियां, आपराधिक धमकी और लक्षित उत्पीड़न से जुड़ा एक सुनियोजित ऑनलाइन नफरती अभियान शामिल है।

साइबर पुलिस को साक्ष्य सौंपे

उन्होंने मुंबई साइबर पुलिस के समक्ष कुछ डिजिटल साक्ष्य, सोशल मीडिया खातों की जानकारी और उनके स्क्रीनशॉट सौंपे हैं। उन्होंने कहा कि विरोध-प्रदर्शन की फोटो सामने आने के बाद कई सोशल मीडिया खातों से लगातार उनके खिलाफ अभद्र और मानहानिकारक बातें फैलाई जा रही हैं।

ऑनलाइन गालियां दी जा रही हैं

रिया ने कहा, "मुझे लगातार परेशान किया जा रहा है। ऑनलाइन गालियां दी जा रही हैं और चरित्र को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। फिलहाल यह सब सोशल मीडिया पर हो रहा है, लेकिन यह आगे चलकर और गंभीर रूप ले सकता है। मैं नहीं चाहती कि मेरे माता-पिता को इसकी वजह से किसी तरह की परेशानी झेलनी पड़े। मैं उन्हें बताना चाहती हूं कि पूरी दुनिया देख रही है। हमें शर्मिंदा करने की कोशिश के लिए हम आपको जिम्मेदार ठहराएंगे, और हम आपको ऐसा करने नहीं देंगे।"

इसे भी पढ़ेंः पेपर लीकः फास्ट ट्रैक कोर्ट में पहली सुनवाई ही स्थगित, नहीं पेश हुआ सीबीआई का वकील, 3 अगस्त को अगली सुनवाई


हम अब और नहीं झुकेंगे

रिया ने कहा, "पिछले कुछ दिनों में, स्टूडेंट्स के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए कई लोगों ने मेरी तारीफ की है। मैंने पूरी दुनिया को यह मैसेज भी दिया है कि हम अब और नहीं झुकेंगे। जब हम झुकने की कोशिश नहीं करते, तो कुछ लोग हमें घुटनों पर लाने की कोशिश करते हैं। ये वही लोग हैं जो मेरे बारे में बहुत कुछ कहने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कई कोशिशें की हैं, लेकिन मैं उन कोशिशों को कामयाब नहीं होने दूंगी क्योंकि ये सभी दावे झूठे हैं।"

पर्सनल इमेज लीक होने की अफवाहें

उन्होंने कहा, "ऐसी अफवाहें हैं कि मेरी पर्सनल इमेज लीक हो गई हैं या कोई एक्सक्लूसिव सब्सक्रिप्शन है, जिसमें मेरी तस्वीरें हैं। हम सब जानते हैं कि इंस्टाग्राम की कम्युनिटी गाइडलाइन्स हैं। मैं लोगों को बताना चाहूंगी कि अगर आपको ऐसी कोई जानकारी मिलती है, तो हमारे पास सच या झूठ को वेरिफाई करने के तरीके हैं।"

इसे भी पढ़ेंः जंतर-मंतर पर पुलिस एक्शन को लेकर सुप्रीम कोर्ट की बड़ी टिप्पणी, कहा- केवल आंदोलन होने पर पुलिस ज्यादती उचित नहीं

पुलिस सत्यापन के बाद कानूनी कार्रवाई करेगी

रिया की ओर से कहा गया, "जब ऐसा कुछ शुरू होता है, तो यह आपकी जिम्मेदारी है कि मामला बढ़ने से पहले तुरंत इसकी रिपोर्ट करें। मैंने ठीक यही किया, मैंने सीधे साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज की, और अगले ही दिन, पुलिस ने मेरी शिकायत नंबर के आधार पर मुझे बुलाया।" पुलिस के मुताबिक, साइबर सेल को उनकी शिकायत मिली है, आरोपों की जांच की जा रही है। वहीं अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के सत्यापन के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुंबई में छात्रों के प्रोटेस्ट की प्रतीक बनीं

बता दें कि मुंबई के दादर के शिवाजी पार्क में 22 जुलाई को बारिश के बीच हुए प्रदर्शन की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर प्रसारित हुई थी, जिसमें रिया अहीर हिरासत में लिए गए युवा प्रदर्शनकारियों को ले जा रही एक पुलिस वैन के आगे खड़ी नजर आ रही थीं। धूसर रंग की हुडी पहने अहीर की पुलिस वाहन के आगे डटकर खड़े रहने की यह तस्वीर मुंबई में हुए विरोध-प्रदर्शन की सबसे चर्चित तस्वीरों में से एक बन गई।

इसे भी पढ़ेंः राहुल गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, बोले- दिल्ली में पैलेट गन, बिहार में AK-47, छात्रों से किया वादा कहां गया?

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए